
Raigarh Dog Viral Video: इंसानों के बीच प्रेम और अपनापन की कहानियां तो आपने कई बार देखी और सुनी होंगी, लेकिन कई बार इंसान और उसके पालतू जानवर के बीच का रिश्ता भी ऐसी मिसाल पेश कर देता है, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो जाती हैं। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से सामने आया एक ऐसा ही मार्मिक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अपने पालतू कुत्ते को खोने के बाद एक मालिक का दर्द साफ दिखाई देता है। वह सड़क पर खून से लथपथ पड़े अपने पालतू के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोता नजर आ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ के कोतरा रोड थाना क्षेत्र के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पालतू कुत्ते की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही उसका मालिक मौके पर पहुंचा। जैसे ही उसने अपने वर्षों से साथ निभाने वाले साथी को सड़क पर मृत अवस्था में देखा, वह खुद को संभाल नहीं सका। वह कुत्ते के शव से लिपटकर बिलख-बिलखकर रोने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह काफी देर तक अपने पालतू से अलग होने को तैयार नहीं हुआ।
घटना के दौरान वहां मौजूद एक राहगीर ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो देखने वाले लोग भावुक हो रहे हैं और मालिक के दर्द को महसूस करते हुए तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि पालतू जानवर केवल जानवर नहीं होते, बल्कि परिवार का हिस्सा बन जाते हैं। ऐसे में उनका बिछड़ना किसी अपने को खोने से कम नहीं होता।
पालतू जानवर अपने मालिक के जीवन का अहम हिस्सा बन जाते हैं। वे बिना किसी स्वार्थ के साथ निभाते हैं और बदले में केवल अपनापन चाहते हैं। यही वजह है कि जब कोई पालतू हमेशा के लिए साथ छोड़ देता है, तो उसका दुख परिवार के किसी सदस्य के बिछड़ने से कम नहीं होता। रायगढ़ की यह घटना भी इंसान और उसके पालतू के बीच मौजूद इसी गहरे और निस्वार्थ रिश्ते की भावुक मिसाल बन गई है।