Road Accident: गुरुवार की सुबह जूटमिल चौकी क्षेत्र के नेतनागर के पास हुई दुर्घटना, एक ही परिवार के करीब आठ लोग थे सवार, सभी को आई गंभीर चोट, दो की हालत नाजुक
रायगढ़. नई नवेली दुल्हन लेकर कोरबा से ओडिशा लौट रहे परिवार की तेज रफ्तार स्कार्पियो जूटमिल चौकी क्षेत्र के नेतनागर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि वाहन में एक ही परिवार के करीब आठ लोग सवार थे। इस घटना में दूल्हे के बहन के सिर पर गंभीर रूप से चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां एक महिला व एक बच्चे की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 जनवरी को ब्रजराजनगर से अनिल शर्मा की बारात कोरबा के लिए रवाना हुई थी। इस दौरान अनिल के परिवार वाले, रिश्तेदार, दोस्त व गांव के लोग कई वाहनों में सवार होकर कोरबा बारात गए थे। शादी की रस्म पूरा होने के बाद 30 जनवरी की सुबह स्कार्पियो क्रमांक ओडी 23 एफ 8913 में अनिल के परिवार वाले घर लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही वे ओडिशा रोड नेतनागर के पास पहुंचे थे कि स्कार्पियो के चालक ने वाहन से अपना नयंत्रण खो दिया और वाहन पलट गई।
Read More: Elephant Attack : खौफ ऐसा कि मकान के ऊपर तंबू लगाकर रात गुजार रहे ग्रामीण
अचानक हुए इस दुर्घटना में वाहन में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर चीख पुकार मच गई। इस घटना में दूल्हा की बहन अंजली शर्मा, सुदर्शन शर्मा (26) के सिर में गंभीर रूप से चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अंजली के शव का पीएम कराने मेकाहारा पहुंचे उसके परिजनों ने बताया कि वाहन में सवार दूल्हा की बुआ ज्ञानती शर्मा पति रामेश्वर (45) दूल्हा का भांजा लक्ष्य विश्वकर्मा (5) मनीषा, संजू, शीतल, कृष आदी व अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। फिलहाल घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। वहीं पीडि़तों के बयान के बाद आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कराने की बात कही जा रही है।
मासूम को किया गया रायपुर रेफर
मिली जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में घायल मनीषा, ज्ञानती, कृष और लक्ष्य को मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ज्ञानती और लक्ष्य की हालत नाजुक बताई जा रही थी। ऐसे में मेट्रो अस्पताल के डॉक्टरों ने लक्ष्य को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया है। जबकि मेट्रो में ही ज्ञानती का सघन उपचार चल रहा है।
बेटी की मौत की खबर से मातम में बदल गई खुशियां
इस घटना ने पीडि़त परिवार को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर अनिल के माता-पिता खुशी से बहू लेकर आ रहे थे। सड़क दुर्घटना में बेटी की मौत की खबर ने झकझोर दिया। परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। परिवार के कई सदस्य अभी जिंदगी और मौत से लड़ रहे हैं। इधर पुलिस ने पीएम के बाद अंजली के शव को उसके घर के लिए रवाना कर दिया है।