कुछ महिलाओं ने सरपंच के घर घुसकर संरपंच की धुनाई कर दी। जब सरपंच का पति घर लौटा तो पत्नी ने सारी बात बताई, फिर...
रायगढ़. पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मां-बेटे के झगड़े का फैसला नहीं करने पर गुस्साई महिलाओं ने महिला सरपंच के घर घुस कर उसकी चप्पल से पिटाई कर दी। वहीं उसके पति को भी जान से मारने की धमकी दीं। सरपंच की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया कलावती पटेल पति मकरध्वज पटेल (28) ग्राम खोखरा की सरपंच है। पांच सितंबर की दोपहर डेढ़ बजे वह अपने घर में थी। तभी गांव की रमिला सारथी, नानकुन सारथी व त्रिवेणी सारथी प्रार्थिया के घर के सामने आए और उसे आवाज दिए। तब वह घर से बाहर निकली तो तीनों महिलाएं उससे मां-बेटे के झगड़े का फैसला कर दो बोलीं।
Read More : व्याख्याता हुआ उठाईगिरी का शिकार, बाइक की डिक्की से सवा लाख पार
इस पर कलावती ने उनसे कहा कि मैं ऐसा फैसला नहीं कर सकती आप लोग थाने चले जाओ। इसके बाद कलावती अपने घर अंदर आ गई और थाली में खाना निकाल कर खा रही थी। तभी तीनों महिलाएं गाली-गलौज करती हुए कलावती के घर में घुस गए और रमीला खाना खा रही सरपंच के थाली को लात मार दी। वहीं उसका बाल पकड़ कर चप्पल से उसकी पिटाई कर दी।
मारपीट करने के बाद आरोपी महिलाओं ने कलावती से कहा कि तुम्हारा पति बड़ा सरपंच पति बनता है, उसे जान से मार देंगे कह कर वहां से चली गई। इसके बाद जब पीडि़ता का पति घर आया तो उसने उसे घटना की जानकारी दी। फिर घटना की रिपोर्ट थाने में की गई। जहां पुलिस ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।