संस्था की अन्य छात्राओं ने इसे मनगढ़ंत कहानी बताते हुए रैली निकालकर कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा
रायगढ़. गुरुवार को एक छात्रा से छेडख़ानी के मामले में हुए हंगामा के बाद शुक्रवार को संस्था की अन्य छात्राओं ने इसे मनगढ़ंत कहानी बताते हुए रैली निकालकर कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञात हो कि आईटीआई में पदस्थ प्रचार्य पर गुरुवार को वहीं की एक छात्रा ने छेडख़ानी का आरोप लगाया, जिसको लेकर काफी हंगामा हुआ। इसके बाद प्राचार्य ने माफी मांगी थी। जिसके बाद इस मामले का पठाक्षेप हो गया था। शुक्रवार को इस मामले ने एक बार फिर से तब तूल पकड़ लिया जब वहीं की कई अन्य छात्राओं ने प्राचार्य के खिलाफ लगाए गए उक्त आरोप को मनगढ़ंत कहानी व षडय़ंत्र बताया है, जिसके विरोध में शुक्रवार को आईटीआई से दोपहर 1 बजे रैली निकालकर कलक्टोरेट पहुंची और कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।
इस दौरान अभाविप के पदाधिकारी भी उपस्थित थे और वो इन छात्राओं के साथ थे हलांकि अभाविप पदाधिकारियों ने बाद में ये कहा कि ये लोग तेज धूप में कलक्टोरेट आ रहीं थी तो हम भी साथ हो लिए। छात्राओं द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के बताया गया है कि प्राचार्य द्वारा संस्था के गतिविधियों में सुधार करने के लिए प्रशिक्षार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों के लिए कई नियम बनाए गए हैं,
जिसमें समस्त प्रशिक्षार्थी एवं स्टाफ सदस्य सहमत हैं। संस्था तभी सुचारू रूप से चल सकती है जब संस्थान द्वारा बनाए गए नियमों का पालन किया जाए। उक्त बातों को लेकर प्राचार्य को बदनाम करने के उद्देश्य से उनको फंसाने के लिए संस्थान के प्रशिक्षार्थी द्वारा मनगढं़त षडयंत्र किया गया है।
दी है क्लीन चिट
ज्ञापन में इस घटना को षडयंत्र करार दिया गया है, पर इसका आधार नहीं दिया गया है। जिस वक्त ये घटना हुई, जिस जगह पर ये घटना हुई वहां इनमे से कोई भी उपस्थित नहीं था। इसके अलावा कलक्टर को सौपे गए ज्ञापन में इस मामले के जांच की मांग नहीं की गई है बल्कि षडयंत्र बताया गया है।