सूखे की स्थिति को लेकर जारी लिस्ट में जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के आंकड़े में फर्क
रायगढ़. जिले में सूखे की स्थिति को लेकर जारी लिस्ट में जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के आंकड़े में फर्क है। जिला प्रशासन जहां तीन तहसीलों को सूखा बता रहा है वहीं शिक्षा विभाग का आंकड़ा इसके उलट छह की बात कह रहा है। जबकि सूखे तहसीलों की संख्या को लेकर काफी सवाल भी उठाए जाते रहे हैं।
आलम यह है कि शिक्षा विभाग जिले के छह तहसीलों को सूखा प्रभावित मान रहा है। बकायदा इसके लिए अब छह तहसीलों में मध्यान्ह भोजन बांटने का आदेश भी जारी कर दिया है।
अब तो जिले में सूखा राहत बंटने के बाद भी प्रभावित क्षेत्र को लेकर असमंजस खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। जिला प्रशासन ने जहां फसल कटाई प्रयोग के बाद तीन तहसीलों को सूखा प्रभावित क्षेत्र घोषित किया है। वहीं शिक्षा विभाग शासन के आदेश पर छह तहसीलों में गर्मी के मौसम में मध्यान्ह भोजन संचालित करने के लिए आदेश जारी किया है।
ऐसे में सवाल का उठना शुरू हो गया है कि जिला प्रशासन का सूखग्रस्त क्षेत्रों का दौरा व जुटाई गई जानकारी सही है या फिर शिक्षा विभाग का आदेश।
ज्ञात हो कि प्रारंभिक तौर पर अनावरी रिपोर्ट के आधार पर छह तहसील पुसौर, रायगढ़, सारंगढ़, तमनार, धरमजयंगढ़, और खरसिया को सूखाग्रस्त घोषित किया गया था, लेकिन जब फसल कटाई प्रयोग किया गया तो इसमें से तीन तहसील पुसौर, बरमकेला और सारंगढ़ को प्रभावित बताया गया। शुरुआत में भी असमंजस की स्थिति थी। कभी नौ तहसील को सूखा कहा गया तो कभी छह तहसील को, अंत में तीन तहसील में सूखा राहत के नाम से आए 18 करोड़ 80 लाख रुपए में से 18 करोड़, 71 लाख 32 हजार 91 रुपए पुसौर बरमकेला और सारंगढ़ में वितरण किया। राहत राशि को वितरण हुए महिनों बीत गए, लेकिन अब शिक्षा विभाग के अंाकड़े ने इस मामले में फिर से सवाल खड़ा कर दिया है।
यहां भी स्थिति स्पष्ट नहीं
उक्त तीन तहसीलों में पूरा तहसील प्रभावित नहीं है। पुसौर में 30 गांव, बरमकेला में 192 गांव और सारंगढ़ में 187 गांव सूखा प्रभावित मानकर राहत राशि वितरण किया गया है, लेकिन मध्यान्ह भोजन का संचालन उक्त तहसील के पूरे ग्राम पंचायतों में संचालित होगा।
स्कूलों को जारी हो गया है निर्देश
शिक्षा विभाग से छह तहसीलों में मध्यान्ह भोजन संचालित करने के लिए संबंधित बीईओ को आदेश जारी हुआ था जिसको लेकर बीईओ ने सभी एचएम को निर्देश दिया था। अब जब यह मामला उठने लगा है और सूखाग्रस्त तहसील को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो इस पर ध्यान देने की बात कह रहे हैं।
संशोधन किया जा रहा
छह तहसीलों में मध्यान्ह भोजन के लिए आदेश जारी हुआ है, लेकिन इसमें संशोधन किया जा रहा है सूखा प्रभावित तीन तहसिलों में ही मध्यान्ह भोजन संचालित होगा।
-संजय दीवान, एडीएम रायगढ़