पंचायती राज दिवस के अवसर पर केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायगढ़. राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को पालीटेक्निक ऑडिटोरियम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। अपने उद्बोधन में केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री साय ने कहा कि पंचायती राज अधिनियम के तहत त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था की गई है एवं ग्राम पंचायतों को महत्वपूर्ण अधिकार दिए गए है।
पंचायती राज व्यवस्था के तहत सरपंचों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्राम के विकास के लिए योजना बनाने तथा अन्य सभी महत्वपूर्ण कार्य सरपंच, पंच एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा किया जाता है। जमीनी स्तर पर हर योजना के क्रियान्वयन के लिए राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों से कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन की समस्त योजनाओं से ग्रामवासियों को लाभान्वित करें। नई ऊर्जा के साथ निरंतर कार्य करते रहे, जिससे उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने से स्वमेव विकास के रास्ते निकल आते है और संसाधन भी मिल जाते है। उन्होंने सभी सरपंच, पंच एवं सचिव से बेहतरीन कार्य करने के लिए आव्हान किया।
केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री साय ने बताया कि वे स्वयं भी सरपंच रहे है और गांव के विकास के लिए उन्होंने कार्य किया है। उन्होंने सभी सरपंच, पंच एवं सचिवों को अच्छा कार्य करने के लिए पे्ररित किया। उन्होंने कहा कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत सारंगढ़ विकासखण्ड में 20 चयनित ग्राम पंचायतों का दौरा करने का अवसर मिला। जहां 7 योजना के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे है।
उन्होंने बताया कि देशभर में 20 हजार से ज्यादा ग्राम पंचायतों का चयन ग्राम स्वराज अभियान के तहत किया गया है। कार्यक्रम के दौरान विधायक रोशन लाल अग्रवाल ने कहा कि सरपंच, पंच एवं सचिव विभिन्न योजनाओं के तहत गरीब एवं जरूरतमंदों के हित के लिए कार्य कर सकते है।
उन्होंने कहा कि गांवों के विकास में सरपंचों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विधायक केराबाई मनहर ने कहा कि सरपंच, सचिव एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति को मिले। जनता से चुने हुए जनप्रतिनिधि जनता की सेवा करें एवं आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में गांव का विकास करें एवं समस्याओं को दूर करें। तब जाकर गांवों की स्थिति बेहतर होगी और विकास का कार्य होगा।
कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने की जरुरत
जिला पंचायत के अध्यक्ष अजेश पुरुषोत्तम अग्रवाल ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन की अनेक योजनाएं संचालित है। गांव स्तर पर सरपंच एवं जनप्रतिनिधि जिले में इन योजनाओं का अच्छी तरह से क्रियान्वयन करें ताकि ग्रामवासी लाभान्वित हो सके। उन्होंने कहा कि गांवों की समृद्धि के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने की जरूरत है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन त्रिपाठी ने कहा कि 73 वें संवैधानिक संशोधन द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था की गई है जिसमें अनोखी शक्ति है। जिसमें ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत की भूमिका को सशक्त बनाया गया है। ग्राम पंचायतों में सरपंचों की महत्वपूर्ण भूमिका है।