स्टेयरिंग फेल होने से हुआ हादसा
रायगढ़. तमनार के उरबा से रायगढ़ चलने वाली बस हादसे का शिकार हो गई। जैसे ही बस उरबा से निकली थी कि करीब एक किमी बाद बस की स्टेयरिंग फेल हो गई। ऐसे बस सड़क किनारे जाकर पलट गई। बताया जा रहा है जिस वक्त यर्ह घटना घटी उस वक्त बस में करीब 40-50 यात्री सवार थे। जिनमें से सात को गंभीर रूप से चोट आई है।
जिन्हें इलाज के लिए तमनार अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से दो लोगों को रायगढ़ रिफर कर दिया गया है। घटना तमनार थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उरबा से रायगढ़ चलने वाली बदन बस हर दिन तरह 01 मई की सुबह भी 08 बजे बस में यात्रियों को लेकर रायगढ़ के लिए निकली थी। करीब एक किमी सफर तय करने के बाद उरबा हाईस्कूल पक्की सड़क के पास अचानक बस की स्टेयरिंग फेल हो गई। ऐसे में बस चालक कुछ समझ पाता तब तक बस सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय बस में करीब 40 से 50 लोग सवार थे। जिसमें सात लोगों को गंभीर रूप से चोट आई है। घटना के बाद घायलों को किसी तरह एम्बुलेंस से तमनार अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से दो लोगों को रायगढ रिफर कर दिया गया है। वहीं बस में सवार अन्य लोगों को मामूली चोट आने की वजह से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस घटना में बस में सवार सुकलाल राठिया पिता शोभितराम राठिया 23 वर्ष की रिपोर्ट पर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
ये हुए घायल
इस घटना के संबंध में तमनार पुलिस का कहना है कि हमें सिर्फ सात लोगों के आहत होने की जानकारी हुई है, लेकिन तमनार अस्पताल से सिर्फ चार लोगों का एमएलसी आया है। जिनमें घायलों का नाम सुकलाल राठिया पिता शोभितराम राठिया 23 वर्ष उरबा, उर्मिला राठिया पति शनिराम राठिया 40 वर्ष ढोलनारा, रत्थुराम पिता घसियाराम राठिया 68 वर्ष उरबा व सोनी बाई पति रत्थुराम सिदार 55 वर्ष उरबा शामिल है। वहीं अन्य घायलों के परिजन उनका इलाज कहां करा रहे हैं, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। वहीं घायलों की दो की स्थिति बिगडऩे पर उन्हें रायगढ़ रिफर कर दिया गया है।
टल गया बड़ा हादसा
पुलिस के बताए अनुसार पुलिस को बस में सवार यात्रियों ने बताया कि घटना के समय बस में करीब 40 से 50 लोग सवार थे। इस दौरान अचानक बस पलट गई। ऐसे में बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग चीख-पुकार मचाने लगे। बस में सवार यात्री बस पलटने की वजह से एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए थे। जिससे दम घुटने की आशंका भी बनी थी। वहीं किसी के सिर में चोट आने या किसी के बस के नीचे दब जाने से बड़ी घटना घटित हो सकती थी।