रायपुर

आज छत्तीसगढ़ पहुचेंगे पीएम मोदी, कांग्रेसियों के काला झंडा दिखाने की चेतावनी से बढ़ी सुरक्षा

पीएम झारसुगुड़ा से हेलिकॉप्टर से दोपहर 3.30 बजे जांजगीर पहुंचेंगे
3 min read
• •
Updated: 22 Sep 2018, 8:45 AM IST
CGNews
आज छत्तीसगढ़ पहुचेंगे पीएम मोदी, कांग्रेसियों के काला झंडा दिखाने की चेतावनी ये बढ़ी सुरक्षा

जांजगीर-चांपा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय प्रवास पर शनिवार को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। जांजगीर में मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए सभी 27 जिलों से पहुंचे 5000 पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। बिलासपुर में कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज के बाद पीएम को काला झंडा दिखाए जाने की चेतावनी के मद्देनजर ये व्यवस्था की गई है। पीएम झारसुगुड़ा से हेलिकॉप्टर से दोपहर 3.30 बजे जांजगीर पहुंचेंगे। एक सभा के बाद शाम 5.40 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट माना (रायपुर) पहुंचेंगे, जहां से दिल्ली रवाना होंगे।

रायपुर. पीएम को काले झंडे दिखाने की आशंका के मद्देनजर शुक्रवार को प्रदेश के कई शहरों में पुलिस द्वारा कांग्रेसी नेताओं को थाने बुलाकर पूछताछ व गिरफ्तार करने की खबर सामने आई है। धमतरी में विधायक गुरुमुख सिंह होरा से पुलिस ने पूछताछ की।

रायपुर. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में दो-चार सीटों के बहुमत से काम नहीं चलेगा। चुनाव इस तरह जीतना है, जिसमें कांग्रेस मूल से उखड़ जाए। 65 सीटों से कम आई, तो विजयी नहीं मानेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के चुनाव जीतने का आधार शक्तिकेंद्र ही होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शाह को आश्वस्त किया कि चुनाव में वह पूरी ताकत लगा देंगे।

शाह शुक्रवार को रायपुर के डुमरतराई में शक्तिकेंद्रों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने एक भाषण में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है। किसी के स्वप्न देखने में कोई पाबंदी नहीं है। शाह ने सवाल किया कि दिनदहाड़े खुली आंखों से कोई स्वप्न देखता है क्या? राहुल अगर नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश के चुनाव इतिहास पर गौर करें, तो पता चल जाएगा कि इन राज्यों में क्या हुआ है? शाह ने कहा, 2019 के चुनाव में पार्टी बंगाल, केरल, तमिलनाडु, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश में भी विजय की ओर अग्रसर होगी।

मंच पर प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम, रायपुर सांसद रमेश बैस, प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल मौजूद थे।

लोकसभा की सभी सीटों का भी वादा : मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मैं पूरी ताकत लगा दूंगा, आप को चिंता करने की जरूरत नहीं है। जब तक हमें जीत नहीं मिल जाती, तब तक हम रुकेंगे नहीं और थकेंगे नहीं है। रमन सिंह ने शाह को विश्वास दिलाया कि इस बार हम लोकसभा की ११ की ११ सीटें जीतकर लाएंगे।

फैक्ट चेक : शाह ने कहा कि एक भी एेसा राज्य नहीं है, जो इतने अधिक मात्र में धान की खरीदी करता है। किसान के पास एक किलो भी धान नहीं रहता है। हकीकत यह है कि सरकार प्रति एकड़ केवल 15 क्विंटल धान खरीदती है।

शाह ने कहा, रमन और उनकी टीम जान की बाजी लगाकर लगभग-लगभग माओवाद से मुक्त करने में लगी है। यहां जो माओवाद पर नकेल कसी है, वो देश को दिशा देने वाली है। हकीकत यह है कि माओवाद प्रभावित जिलों की संख्या बढ़ी है। मुख्यमंत्री का गृहजिला कवर्धा भी इसमें शामिल हो गया है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस आतंकवादियों के मानवाधिकार की बात करती है। यह कश्मीर में एक आतंकवादी के शव को जंजीर से बांधकर घसीटने से जुड़ी एक फेक न्यूज का असर है। सोशल मीडिया में इसे प्रसारित किया गया था।

यह नया दावा

राहुल का 14 बार लिया नाम : शाह ने 40 मिनट के भाषण में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को राहुल बाबा कहकर 14 बार संबोधित किया। वहीं, पीएम मोदी का 11 और सीएम डॉ. रमन सिंह का 10 बार नाम लिया।

अमित शाह के सामने प्रदेश के 16 पूर्व आला अधिकारियों समेत 24 लोगों ने भाजपा में प्रवेश किया। इनमें पूर्व एडीजी राजीव श्रीवास्तव व एन.के.एस. ठाकुर, पूर्व आइएएस अशोक सिंह, अरविंद श्रीवास्तव व आर.सी. सिन्हा, पूर्व आइएफएस कृष्णकुमार खेलवार व राकेश तिवारी, पूर्व आइबीएस बिमलचंद्र गुप्ता, एनटीपीसी के पूर्व एजीएम हेमंत धागमवार, पूर्व एएसपी आर.के. शर्मा, बंशीलाल कुर्रे व भोजेन्द्र उके, कर्नल सुनील मिश्रा, पूर्व डीएसपी मोहन दुबे, अजीत चौबे, प्रदीप मिश्रा व शमसीर खान शामिल हैं।

इनके अलावा इतिहासकार डॉ. हेमू यदु, ऑल मुस्लिम वेलफेयर के फाउंडर मोहम्मद सिराज, घनश्याम शर्मा, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. नीता, सुभाष वर्मा, शुभांगी आप्टे और किशोर त्रिवेदी भी भाजपा में शामिल हुए।

Published on: