रायपुर

रायगढ़, धमतरी, बलौदाबाजार समेत इन शहरों में बनेंगे बायपास सड़कें, 448 करोड़ 13 लाख रुपए स्वीकृत

रायगढ़, धमतरी, बलौदाबाजार, बिलासपुर, बेमेतरा के लोगों को ट्रैफिक के दबाव से राहत देने के लिए सरकार ने बायपास सड़क बनाने का ऐलान किया है। वहीं अब राशि भी स्वीकृत हो गई है..

2 min read
Apr 06, 2026
छत्तीसगढ़ में बनेंगे 9 बायपास सड़क, 448 करोड़ 13 लाख रुपए स्वीकृत ( File Photo - Patrika )

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ सरकार ने बजट में शहर में बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए शहरों में बायपास सड़क बनाने की घोषणा की है। वहीं अब प्रस्ताव पारित कर राशि स्वीकृत किए है। इससे मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। साथ ही तेज व सुव्यवस्थित यातायात से लोगों को राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग ने हाल ही में समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में नौ बायपास सड़कों के लिए कुल 448 करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की है।

उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने स्थानीय लोगों की मांगों व जरूरतों को देखते हुए इन बायपास सड़कों के लिए प्राथमिकता से राशि मंजूर करने के निर्देश दिए थे। वहीं अब राशि स्वीकृत होने के बाद जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। आइए जानते हैं कहां कहां बायपास सड़कें बनेंगी..

Chhattisgarh News: रायगढ़ में बनेंगे तीन बायपास सड़क

लोक निर्माण विभाग द्वारा रायगढ़ जिले में तमनार बायपास मार्ग के लिए 152 करोड़ 17 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से 6 किमी बायपास सड़क का निर्माण किया जाएगा। विभाग ने रायगढ़ शहर में रिंग रोड (बायपास मार्ग) के लिए 70 करोड़ 47 लाख रुपए मंजूर किए हैं। खरसिया के बायपास क्रमांक-3 कबीर चौक से डभरा रोड तक 2 किमी सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए भी 7 करोड़ 22 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

धमतरी में यहां बनेगा बायपास सड़क

विभाग ने धमतरी जिले में 4 किमी लंबाई के भखारा बायपास के लिए 14 करोड़ 94 लाख रुपए तथा 1.50 किमी लंबाई के नारी बायपास मार्ग के लिए 7 करोड़ 97 लाख रुपए मंजूर किए हैं। बलौदाबाजार में लटुवा, पनगांव होते हुए 15 किमी लंबे बलौदाबाजार बायपास सड़क के लिए 88 करोड़ 68 लाख रुपए एवं 7 किमी लंबे रिसदा बायपास मार्ग के लिए 20 करोड़ 99 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।

बिलासपुर और बेमेतरा जिलों को भी सौगात

लोक निर्माण विभाग ने बिलासपुर में 13.40 किमी कोनी-मोपका फोरलेन बायपास मार्ग के लिए 82 करोड़ 80 लाख रुपए तथा बेमेतरा जिले में 1.20 किमी कांक्रीटीकृत छिरहा बायपास सड़क के लिए 2 करोड़ 89 लाख रुपए की भी मंजूरी दी है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि “राज्य शासन शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में निर्बाध, तेज और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। ट्रैफिक का दबाव कम करने बायपास सड़कों, पुलों और ओवरब्रिजों का निर्माण प्राथमिकता से किया जा रहा है। इससे आवागमन और अधिक स्मूथ, तेज एवं व्यवस्थित होगा। हम प्रदेश के समग्र विकास के लिए आधुनिक और मजबूत सड़क अधोसंरचना लगातार विकसित कर रहे हैं।”

Published on:
06 Apr 2026 07:03 pm
Also Read
View All

अगली खबर