Crime News: सोशल मीडिया पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है। इससे समाज में डर और असुरक्षा का माहौल बनता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Crime News: सोशल मीडिया में हथियारों के साथ फोटो शेयर करके डॉन बनने वालों पर पुलिस नजर रख रही है। आजाद इलाके में एक युवक ने कट्टे के साथ अपना फोटो इंस्टाग्राम में अपलोड किया। इसकी जानकारी पुलिस को मिली। युवक के साथ कट्टा देने वाले को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक कुछ दिनों से सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक कट्टा लहराते हुए नजर आ रहा था।
इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे युवक तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान युवक की पहचान कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू निवासी रामसागरपारा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद कट्टा के बारे में पूछताछ की, तो उसने खुलासा किया कि सड्ढू के एकता चौक निवासी शिखर द्विवेदी से उसने कट्टा लिया था। इसके बाद पुलिस ने शिखर को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की सोशल मीडिया विंग ने वीडियो का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान आजाद चौक क्षेत्र निवासी कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह कट्टा पंडरी क्षेत्र निवासी शिखर द्विवेदी से लिया था।
जानकारी मिलते ही पुलिस ने दूसरे आरोपी की भी तलाश की और उसे भी पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक नग अवैध कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है। इससे समाज में डर और असुरक्षा का माहौल बनता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों में कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू (24 वर्ष), निवासी रामसागर पारा, थाना आजाद चौक, और शिखर द्विवेदी (20 वर्ष), निवासी एकता चौक सड्डू, थाना पंडरी शामिल हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहें। साथ ही, संदिग्ध पोस्ट या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई से साफ है कि रायपुर पुलिस सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय है।