
रायपुर. विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के छत्तीसगढ़ दौरे का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी के तहत आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और छत्तीसगढ़ प्रभारी गोपाल राय गुरुवार को राजधानी रायपुर पहुंचे।
दिल्ली की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी सत्ता पलट का दावा करने वाले गोपाल राय ने मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि एक समय लोग ये सवाल उठाते थे कि आम आदमी पार्टी की छत्तीसगढ़ में गिनती नहीं है, वो क्या कर पाएगी। लेकिन कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी की दिनोंदिन बढ़ती साख से आज भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों में खलबली मची हुई है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का इतिहास वन प्लस वन टू का नहीं रहा है। पार्टी का इतिहास वन-वन इलेवन का रहा है। दिल्ली में भी इसी तरह से जब पार्टी ने शुरुआत की थी लोगों को भरोसा नहीं था एक नई पार्टी क्या कर सकती है। 15 साल से दिल्ली की सत्ता पर काबित कांग्रेस को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। इसी तरी छत्तीसगढ़ में भाजपा की 15 साल पुरानी सरकार को आम आदमी पार्टी बाहर का रास्ता दिखाएगी।
ये भी पढ़ें: BJP नेता ने Whatsapp ग्रुप में अपलोड किया अश्लील वीडियो, देखकर लोगों की फटी रह गई आंखें
गठबंधन के सवाल पर गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी उसी राजनीतिक दल से गठबंधन करेगी जो छत्तीसगढ़ में बदलाव चाहता हो। साथ ही आम आदमी पार्टी जैसी सोच रखता हो। भाजपा की प्रदेश सरकार और उनके कामकाज पर सवाल उठाते हुए गोपाल राय ने कहा कि भाजपा के विधायक उस वक्त घर छोड़कर भाग खड़े हुए जब आम आदमी पार्टी ने उनसे 5 साल का हिसाब मांगा।