
AAP CG State President Resign: छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और छत्तीसगढ़ प्रभारी मुखेश अहलावत को भेजा है। इस्तीफे के पीछे उन्होंने पार्टी की मौजूदा कार्यप्रणाली और प्रदेश संगठन की दिशा को लेकर असंतोष जताया है।
उत्तम जायसवाल ने अपने इस्तीफा पत्र में कहा है कि उन्होंने लंबे समय तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आम आदमी पार्टी के लिए काम किया। उनका उद्देश्य कभी भी किसी पद या व्यक्तिगत राजनीतिक लाभ को हासिल करना नहीं रहा। वह प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और आम लोगों के मुद्दों को लेकर संघर्ष करने के मकसद से पार्टी से जुड़े थे।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने गांवों से लेकर प्रदेश स्तर तक लगातार काम किया। इसके बावजूद मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें पार्टी की दिशा और कार्यप्रणाली स्पष्ट नजर नहीं आ रही है। उनका कहना है कि ऐसे माहौल में उन्हें अपने राजनीतिक और सामाजिक उद्देश्य की पूर्ति होती दिखाई नहीं दे रही है।
इस्तीफा पत्र में उत्तम जायसवाल ने 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान संगठन के पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं की कथित उपेक्षा का भी उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय लंबे समय से पार्टी के लिए संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं ने उपेक्षा और अपमान महसूस किया था। जायसवाल के मुताबिक, चुनाव के बाद भी संगठन की कार्यप्रणाली में जिस बदलाव की उम्मीद थी, वह देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि प्रदेश के महत्वपूर्ण पद पर जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उन्हें छत्तीसगढ़ को लेकर पार्टी का कोई स्पष्ट रोडमैप नजर नहीं आ रहा है।
उत्तम जायसवाल ने अपने पत्र में कहा कि उनके लिए किसी पद से अधिक आत्मसम्मान, संघर्ष और उन कार्यकर्ताओं का सम्मान मायने रखता है, जो वर्षों से संगठन के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने पार्टी की मौजूदा स्थिति को लेकर अपनी चिंता भी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत केवल बड़े पदों पर बैठे नेताओं से नहीं होती, बल्कि वे कार्यकर्ता उसकी असली ताकत होते हैं, जो जमीन पर उतरकर लोगों के बीच काम करते हैं और संगठन का झंडा मजबूती से थामे रहते हैं।
जायसवाल ने उम्मीद जताई कि पार्टी उनके इस्तीफे को सिर्फ एक पदाधिकारी के त्यागपत्र के तौर पर नहीं देखेगी। उन्होंने कहा कि इसे वर्षों तक संगठन के लिए संघर्ष करने वाले एक समर्पित कार्यकर्ता के अनुभव, पीड़ा और छत्तीसगढ़ के भविष्य को लेकर उनकी चिंता के रूप में समझा जाना चाहिए।
इस्तीफा पत्र के अंत में उत्तम जायसवाल ने प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद से अपना त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है। उनके इस्तीफे के बाद छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी के संगठन और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।