
रायपुर . बीते साल ग्रामीण सेवा सहकारी समिति द्वारा उन्नत किस्म के बीज में घटिया किस्म के बीज की मिलावट कर किसानों को दिया गया था। इस वजह से 100 एकड़ के फसल में किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। मामले की जांच करके उप संचालक ने बीज निगम को भेज दी है। इस तरह की गड़बड़ी में किसानों को 25 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से क्षतिपूर्ति देने के संबंध में रिपोर्ट तैयार की गई है।
मामला बीते साल खरीफ की फसल में बीज वितरण के दौरान का है। किसानों की फसल कट कर बिक भी चुकी है। मामले की शिकायत के बाद कृषि विभाग के उप संचालक ने जांच रिपोर्ट 18 मई को बीज निगम को भेज दी है। अभी मामले में मुआवजा के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।
यह है रिपोर्ट
कृषक प्रेमलाल वर्मा एवं ग्राम-घुलघुल, देवरी, कोहका के किसानों द्वारा ग्रामीण सेवा सहकारी समिति देवरी से सरना व महामाया धान का प्रमाणित बीज खरीद कर अपने खेतों में धान की बोवाई की गई थी।
सरना धान में 25 फीसदी तक महामाया धान का छोटे चावल की फसल मिली। वहीं महामाया में सरना धान का छोटा आने के कारण इन गांव के किसानों की 100 एकड़ जमीन की धान की फसल प्रभावित होने की शिकायत की थी। इस पर जांच कराई गई।
जिसके बाद किसानों को जिन्होंने सोसायटी से धान बीज लेकर बुआई की है उसमें अन्य धान किस्म के बीज मिश्रण से धान उत्पादन में किसानोंं को नुकसान की भरपाई के लिए 25000 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने की बात कही।
किसान बोले, महंगी दर पर खरीदे थे बीज
ग्राम घुलघुल, ग्राम देवरी व कोहका के किसानों ने बताया कि उन्होंने ग्रामीण सेवा सहकारी समिति, देवरी से सरना व महामाया धान का प्रमाणित बीज खरीदकर अपने खेतों में बुआई की थी। बम्पर उत्पादन के नाम पर किसानों को महंगे दर पर बीज बेचे गए थे।
शिकायत मिलने पर मामले की जांच की गई है। जांच के आधार पर पत्र मई में बीज निगम को भेजा गया है। इसमें आगे की कार्रवाई बीज निगम को ही करना है।
- आरके कश्यप, उप संचालक, कृषि विभाग रायपुर
सामान्य सभा की बैठक में संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया कि क्षतिपूर्ति का आंकलन कर क्षतिपूर्ति का प्रस्ताव बनाकर कलेक्टर/शासन को प्रेषित किया जाए। लेकिन अब तक कार्रवाई में विलंब किया जा रहा है।
- राजू शर्मा, सभापति, जिला पंचायत