
छत्तीसगढ़ के क्रिएटर्स को मिलेगा सम्मान (Photo AI Image)
Creator Award: मोबाइल और सोशल मीडिया के जरिए छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पर्यटन, खानपान, कला और स्थानीय कहानियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले डिजिटल क्रिएटर्स को अब प्रदेश स्तर पर पहचान मिलेगी। राज्य शासन 25 नवंबर को रायपुर में पहली बार छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 आयोजित करने जा रहा है। इसमें 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में उत्कृष्ट काम करने वाले यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम क्रिएटर्स, फोटोग्राफर्स, फिल्ममेकर्स, ब्लॉगर्स और कलाकारों को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को कुल 10 लाख रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि मिलेगी।
राजधानी के निजी होटल में दोपहर 12 बजे से होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में तेजी से उभर रही क्रिएटर इकोनॉमी को प्रोत्साहित करना और स्थानीय प्रतिभाओं को डिजिटल क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराना है। इस समारोह में लाइफस्टाइल, फूड एंड फैशन, संस्कृति, विरासत एवं पर्यटन, क्रिएटिविटी, कॉमेडी-एंटरटेनमेंट और ट्राइबल वॉइस जैसी श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे।
इस आयोजन में आम नागरिक भी अपने पसंदीदा डिजिटल क्रिएटर के चयन में भागीदार बन सकते हैं। इसके लिए 21 नवंबर से पब्लिक वोटिंग शुरू हो चुकी है, जो 24 नवंबर दोपहर 12 बजे तक चलेगी। नागरिक innovatecg.in वेबसाइट पर जाकर अपने पसंदीदा क्रिएटर के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। यानी प्रदेश की डिजिटल प्रतिभाओं को सम्मान दिलाने में दर्शकों और फॉलोअर्स की भी भूमिका रहेगी। पंजीयन की प्रक्रिया 20 नवंबर को पूरी हो चुकी है।
समारोह में नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के छह विजेता और प्रसिद्ध आरजे शरत भी शामिल होंगे। डिजिटल क्रिएटर राज शमानी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। इनके साथ कार्यशालाएं, विशेषज्ञ सत्र और नेटवर्किंग गतिविधियां होंगी। इससे स्थानीय क्रिएटर्स को कंटेंट निर्माण, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने और अपनी पहुंच बढ़ाने के नए तरीके सीखने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में डिजिटल दुनिया के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। भजन क्लबिंग में भक्ति और आधुनिक संगीत का संगम देखने को मिलेगा। बस्तर रैम्प वॉक के जरिए पारंपरिक वेशभूषा और आदिवासी संस्कृति प्रदर्शित की जाएगी। पारंपरिक आदिवासी नृत्यों की प्रस्तुतियां भी होंगी।
आयोजन : 25 नवंबर 2026
समय : दोपहर 12 बजे से
स्थान : होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल, रायपुर
ऑनलाइन वोटिंग : 24 नवंबर दोपहर 12 बजे तक
वेबसाइट : innovatecg.in
हेल्पलाइन : 93118 51177, 88202 64688
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
24 Nov 2026, 1:14 PM IST
Published on:
24 Nov 2026, 1:14 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




