रायपुर

AI Voice Payment App: नवा रायपुर के IIIT ने बनाया ‘V-Pay’, 12 भाषाओं में बोलकर करें UPI पेमेंट

IIIT Naya Raipur: ट्रिपलआईटी नवा रायपुर और ट्रिपलआईटी कुरनूल ने एआई आधारित वॉइस पेमेंट ऐप 'V-Pay' विकसित किया है। इस ऐप से उपयोगकर्ता हिंदी सहित 12 भारतीय भाषाओं में सिर्फ बोलकर यूपीआई पेमेंट कर सकेंगे।
2 min read
Jul 23, 2026
AI Voice Payment App
V-Pay से बिना टाइपिंग होगा यूपीआई पेमेंट (photo source- Patrika)

गुंजन परमार/AI Voice Payment App: देश में डिजिटल पेमेंट तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग और तकनीक से कम परिचित लोग मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई का पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इन्हीं लोगों को डिजिटल बैंकिंग से जोड़ने के लिए ट्रिपलआईटी नवा रायपुर और ट्रिपलआईटी कुरनूल (आंध्र प्रदेश) मिलकर एआई बेस्ड सुरक्षित वॉइस पेमेंट ऐप 'वी-पे' (V-Pay) डेवलप कर रहे हैं।

AI Payment App: 12 भारतीय भाषाओं में परीक्षण…

ऐप की खासियत यह होगी कि उपयोगकर्ता सिर्फ अपनी आवाज से पैसे भेज सकेंगे, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देख सकेंगे और यूपीआई भुगतान कर सकेंगे। साथ ही ऐप यह भी सुनिश्चित करेगा कि आदेश देने वाला व्यक्ति असली यूजर ही है, ताकि ऑनलाइन धोखाधड़ी और फर्जी आवाज के जरिए होने वाले साइबर अपराधों को रोका जा सके। ऐप हिंदी सहित फिलहाल 12 भारतीय भाषाओं में परीक्षण के दौर में है। अभी इसकी सटीकता लगभग 95 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

बॉक्स-1: मातृभाषा में बोलकर भुगतान

प्राेजेक्ट प्रमुख डॉ. अनुराग सिंह और डॉ. श्रीनिवास नायक ने बताया कि यह ऐप खासतौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया जा रहा है, जिन्हें मोबाइल बैंकिंग चलाने में परेशानी होती है। ऐसे में वे सिर्फ अपनी मातृभाषा में बोलकर भुगतान कर सकेंगे। इस ऐप में बड़े भाषा मॉडल (एलएलएम) बेस्ड एआई का उपयोग किया जा रहा है।

जैसे ही उपयोगकर्ता बोलेगा- "रमेश को एक हजार रुपए भेज दो", सिस्टम खुद ही लाभार्थी का नाम और राशि पहचान लेगा। इसके बाद उपयोगकर्ता की आवाज की पहचान करेगा और दोबारा उसी की भाषा में पुष्टि करेगा कि वह किसे और कितनी राशि भेज रहा है। उपयोगकर्ता की सहमति मिलने के बाद ही भुगतान पूरा होगा।

बॉक्स-2 : सुरक्षा के लिए दोहरी जांच

ऐप में भुगतान से पहले दो स्तर पर सुरक्षा जांच होगी। सबसे पहले एआई उपयोगकर्ता की आवाज से लाभार्थी का नाम और राशि जैसी जानकारी समझेगा। इसके बाद वॉइस ऑथेंटिकेशन के जरिए यह जांच करेगा कि आदेश देने वाला व्यक्ति असली उपयोगकर्ता ही है या नहीं। फिर उसी की भाषा में भुगतान की पूरी जानकारी दोबारा सुनाकर पुष्टि ली जाएगी।

12 Indian Languages UPI: बॉक्स : 'वी-पे' ऐप की खासियत

-सिर्फ आवाज से डिजिटल पेमेंट की सुविधा।

-लाभार्थी, राशि और ट्रांजैक्शन की जानकारी एआई खुद समझेगा।

-भुगतान से पहले उपयोगकर्ता से दोबारा पुष्टि करेगा।

-हिंदी समेत 12 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट।

-टाइपिंग की जरूरत नहीं, बोलकर ही बैंकिंग सेवाएं इस्तेमाल की जा सकेंगी।

Updated on:
23 Jul 2026 12:01 pm
Published on:
23 Jul 2026 12:01 pm