
रायपुर@पीलूराम साहू। AI Health Advice: एआई के जमाने में युवा अब लक्षण के अनुसार बिना डॉक्टरी सलाह के ब्लड टेस्ट से लेकर एक्सरे व सीटी स्कैन करवाने लगे हैं। यही नहीं कैंसर के लक्षण की आशंका में कुछ युवा बायोप्सी के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। निजी लैब संचालकों के अनुसार 40 से 50 फीसदी लोग अब बिना डॉक्टरों की पर्ची के लिए ब्लड जांच के लिए पहुंच रहे हैं। इससे उनका अच्छा खासा खर्च भी हो रहा है। इससे लैब को अच्छा खासा मुनाफा भी हो रहा है। यही नहीं बिना डॉक्टरी सलाह एंटीबायोटिक से लेकर पेनकिलर ले रहे हैं। सेहत बिगड़ने पर डॉक्टर के पास इलाज के लिए भी जा रहे हैं।
एआई मानो जेन जी से लेकर अन्य लोगों के लिए स्वास्थ्य सलाहकर बनता जा रहा है। अब घर में ही एआई की सलाह पर बीमारी के लिए जरूरी जांच पूछ रहे हैं। जांच में रिपोर्ट के अनुसार एआई से पूछकर दवा भी खा रहे हैं। बिना डॉक्टरी सलाह के दवा खाने वालों की सेहत बिगड़ने लगी है। ऐसे लोग इलाज के लिए निजी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं।
चूंकि बिना पर्ची व डॉक्टरी सलाह के ये जांच सरकारी अस्पतालों में नहीं होती इसलिए ज्यादातर लोग निजी लैब या डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंच रहे हैं। इससे लैब व डायग्नोस्टिक सेंटर की अच्छी खासी कमाई भी हो रही है। जब ये रिपोर्ट लेकर डॉक्टरों के पास पहुंचते हैं तो पता चलता है कि उन्हें कोई बीमारी ही नहीं है। सबसे ज्यादा फायदे में लैब व डायग्नोस्टिक सेंटर वाले हैं।
जब लैब या डायग्नोस्टिक सेंटर से रिपोर्ट आती है तो लोग एआई से दवा पूछते हैं। कुछ मामलों में एआई डॉक्टरी सलाह लेने की सलाह देता है, लेकिन कई मामलों में सीधा बीमारी समझकर दवा ही सुझा दिया जाता है। डॉक्टरों के अनुसार ऐसा करना सेहत के लिए खतरनाक है। एक तो लक्षण के अनुसार जांच करवाना व बिना सलाह दवा खाना, ये दोनों ही स्वास्थ्य के लिहाज से खतरनाक है। जब बीमारी ठीक नहीं होती तो लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। मरीजों से बातचीत में एआई से दवा पूछकर खाने का मामला सामने आ रहा है।
केस-1: 30 वर्षीय युवक के पैर, हाथ व कमर के आसपास गांठ है। दबाने से दर्द का अहसास नहीं होता, लेकिन उसे लगा कि यह कोई बीमारी हो सकती है। उसने एआई से लक्षण के अनुसार ब्लड जांच की सलाह मांगी। कैंसर की आशंका जताते हुए एआई ने बायोप्सी कराने की सलाह दे डाली। युवक निजी अस्पताल पहुंच गया। वहां डॉक्टरों ने जरूरी जांच की और कहा कि बायोप्सी की जरूरत नहीं है। ये गांठ सामान्य है।
केस-2: 19 वर्षीय छात्र सिर में दर्द होने पर एआई से पूछकर लगातार पेनकिलर लेने लगा। साथ एंटीबायोटिक दवा भी खाने लगा। एक दिन वह घर में चक्कर खाकर गिर पड़ा। डॉक्टरों के पास इलाज के लिए ले जाने पर पता चला कि पेनकिलर व एंटीबायोटिक दवाओं का साइड इफेक्ट हुआ है। छात्र को बिना डॉक्टरी सलाह के किसी भी दवा का सेवन नहीं करने को कहा गया। साथ ही पैरेंट्स को नजर रखने की सलाह भी दी गई।
डॉ. युसूफ मेमन, डायरेक्टर संजीवनी कैंसर अस्पताल के मुताबिक, शरीर की हर गांठ कैंसर वाली गांठ नहीं होती। कुछ सादी गांठ भी होती है। एआई की सलाह पर बायोप्सी कराना या दवा लेना सेहत के लिए खतरनाक है। बिना सलाह पेट स्कैन जांच भी कराना उचित नहीं है। डॉक्टर लक्षण के अनुसार जांच तो करवाता है, लेकिन इसमें एआई की सलाह को सर्वोपरि मानना गलत है। कैंसर रोग विशेषज्ञ ही सही जांच व दवा खाने की सलाह दे सकता है।
डॉ. आरके पंडा, एचओडी रेस्पिरेटरी मेडिसिन आंबेडकर अस्पताल के मुताबिक, सांस में तकलीफ होने, चेस्ट इंफेक्शन या अस्थमा वाले कई मरीज एआई की सलाह से दवा ले लेते हैं। इसमें स्टेरायड से लेकर एंटीबायोटिक दवाएं शामिल हैं। सेहत बिगड़ने पर अस्पताल आते हैं तो एआई से पूछकर दवा खाने की जानकारी सामने आती है। एआई किसी भी बीमारी के बारे में सही दवा की सलाह नहीं दे सकता। विशेषज्ञ डॉक्टर ही सही दवा व इलाज बताएगा।