रायपुर

कोहरे में भी आसानी से उतरेंगे विमान! रायपुर एयरपोर्ट पर होने जा रहा बड़ा बदलाव, जानिए क्या है 100 करोड़ का प्लान

Raipur Airport: रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर आने वाले दिनों में हवाई यात्रियों को कई नई सुविधाएं मिल सकती हैं। एयरपोर्ट पर 100 करोड़ रुपए की लागत से रैपिड एग्जिट टैक्सी-वे बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 10:42 AM IST
Fourth Aerobridge
रायपुर एयरपोर्ट (फोटो सोर्स- AI)

Raipur Airport New Facilities: स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में 100 करोड़ की लागत से फ्लाइटों के लिए जल्दी ही रैपिड एक्जिट टैक्सी वे (आरईटी) बनेगा। इसके लिए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को प्रस्ताव भेजा गया है। इसकी स्वीकृति मिलने पर लैंडिंग करने वाले विमानों को रनवे से तेज़ गति से बाहर निकलने पर रनवे खाली हो जाएगा। इससे दूसरे विमानों को उतरने में आसानी होगी। वहीं लैंडिग के बाद विमान सुरक्षित पार्किंग स्थल पर खड़ा रहेगा। यह सुविधा देशभर के बडे़ एयरपोर्ट पर है। स्वीकृति मिलने पर रायपुर में इस तरह की व्यवस्था की जाएगी। एयरपोर्ट के डायरेक्टर मोहम्मद आरिफ ने पत्रिका से खास बातचीत के दौरान नए प्रस्ताव के संबंध में जानकारी दी।

उन्होने बताया कि इस समय विमानों को लैंडिग के दौरान पूरा चक्कर लगाना पड़ता है। लेकिन, नई व्यवस्था लागू होने पर लैंडिग के बाद सीधे पार्किंग एरिया में रुकेगा। साथ ही एक साथ कई विमान के उतरने या उड़ान भरने के लिए तुरंत रनवे उपलब्ध होगा। ठंड के मौसम में घने कोहरे को देखते हुए एयरपोर्ट की दृश्यता कैटेगिरी में अपग्रेड किया जा रहा है। इस समय दृश्यता 500 मीटर तक होने पर ही विमानों की लैंडिग कराई जाती है। लेकिन, सिस्टम को अपडेट करने के बाद 300 मीटर दृश्यता होने पर भी विमान आसानी से उड़ान भरने के साथ ही लैंडिंग भी कर सकेंगे।

सुरक्षा के लिए बनेगा सीटीसीपी

एयरपोर्ट के पूरे परिक्षेत्र के सुरक्षा की जिम्मेदारी जल्दी ही सीआईएसएफ के हवाले होगी। इसके लिए काउंटर टेरेरिस्ट कांटीजेंसी प्लान(सीटीसीपी) शुरू करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसका प्रस्ताव भी डीजीसीए को भेजा गया है। यह विशेष तरह का सुरक्षा दस्ता है, जिसमें आतंकवाद विरोधी आकस्मिक योजना के तहत सीआईएसएफ को विशेष अधिकार मिलता है। एयरपोर्ट के परिक्षेत्र में किसी भी तरह का विवाद और आपात स्थिति में पुलिस और अन्य एजेंसियों की मदद से कार्रवाई होती है। लेकिन, सीटीपीसी के गठन पर कार्रवाई और जांच कर सकेंगे।

अब उड़ान-लैंडिंग की क्षमता 24 से 26

एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि विमानतल में लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए जल्द ही विमानतल से चौथा एयरोब्रिज भी शुरू करने की तैयारी चल रही है। पैरलर टैक्सी ड्राइव व रैपिड एक्जिट टैक्सी बनाया जाएगा। इसके पूरा होते ही रायपुर विमानतल में विमानों की उड़ान और लैंडिग की क्षमता प्रति घंटे 24 से 26 हो जाएगी। मुख्य बिल्डिंग या टर्मिनल गेट से काफी पहले ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या खतरे को एयरपोर्ट परिसर के अंदर घुसने से पहले ही रोका जा सकता है।

पार्किंग व्यवस्था में होगा सुधार

एयरपोर्ट के सामने खड़े होने वाले वीआईपी वाहन भी बेवजह खड़े होकर ट्रैफिक व्यवस्था नहीं बिगाड़ेगे। इसके लिए कलेक्टर, कमिश्नर के साथ ही संबंधित विभाग को भी पत्र लिखा जाएगा। ताकि आवागमन करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं विवाद की स्थिति से निपटने और पार्किंग स्थल को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलें।

27 लाख से ज्यादा यात्रियों का आवागमन

एयरपोर्ट में लगातार हवाई यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। इस समय रोजाना 64 फ्लाइटों के जरिए 9000 यात्रियों का आवागमन हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रायपुर विमानतल से 27 लाख से ज्यादा हवाई यात्रियों का आवागमन हुआ था। इस समय विमानतल की कैपिसिटी 32 लाख यात्रियों की हो गई है। वहीं करीब 20 लाख से ज्यादा यात्रियों का आवागमन हो चुका है।

Updated on:
26 Nov 2026, 10:42 AM IST
Published on: