
रायपुर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा-कांग्रेस को चुनौती देने इस बार 25 सीटों पर सर्व आदिवासी समाज चुनाव लडऩे जा रही है। इस बात की पुष्टि सर्व आदिवासी समाज के महासचिव एनएस मण्डावी ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लम्बे समय की सियासत में दोनों ही पार्टियों ने आदिवासी मतदाताओं को साधने को पूरा प्रयास किया है। इस बार सर्व आदिवासी समाज स्वयं मैदान में उतरने तैयार हो गया है।
39 सीटों में पर बड़ा दांव
प्रदेश में 90 विधानसभा में 39 सीटें आरक्षित वर्ग के लिए हैं। इनमें से 29 सीटें आदिवासियों के लिए आरक्षित हैं, बाकी सीटें ओबीसी व अन्य वर्ग के लिए हैं। इन 29 आदिवासी सीटों में से 25 सीटों पर समाज अपने उम्मीदवार उतारेगा।
सरकार से नाराज होकर समाज ने लिया फैसला
लम्बे समय से आदिवासीयों को लेकर राजनीति खींचतान व अनदेखी से नाराज होकर इस समाज ने यह फैसला लिया है। उनका कहना है कि दोनों पार्टियां आदिवासी वोट बैंक को साधने के लिहाज से ही काम करती है।
संविधानिक है पत्थलगढ़ी
सर्व आदिवासी समाज ने जशपुर से शुरू हुए पत्थलगढ़ी आंदोलन को संविधानिक करार दिया है।
आज होगी बैठक
चुनावी मुद्दे, पत्थलगढ़ी जैसे विषय पर आज सर्व आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें प्रदेश भर के समाज के सदस्य उपस्थित होंगे। यह बैठक पचपेड़ीनाका कोडवाना भवन में होगी।
बीजेपी-कांग्रेस के समीकरण को चुनौती
सर्व आदिवासी समाज की चुनावी राजनीति में उतरे जाने के ऐलान के बाद बीजेपी-कांग्रेस का चुनावी गणित गड़बड़ा सकता है। जहां भाजपा चौथी बार सत्ता की तैयारी बस्तर , सरगुजा को ध्यान में रखकर कर रहीं है। ऐसे में सर्व आदिवासी समाज का यह फैसला पक्ष-विपक्ष दोनों के समीकरण को चुनौती दे रहा है।