
रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा ने कांग्रेस के तीन विधायकों अमित जोगी, आर.के. राय और सियाराम कौशिक पर दलबदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। विधानसभा सचिवालय ने तीनों विधायकों को नोटिस जारी कर पूछा है कि क्यों न उनकी सदस्यता रदद कर दी जाए। जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।
तकनीकी तौर पर कांग्रेस के ये तीनों विधायक पिछले दो वर्ष से नवगठित जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के साथ हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता टी.एस. सिंहदेव ने मॉनसून सत्र के पहले दिन 2 जुलाई को ही विधानसभा सचिव को शिकायती पत्र देकर तीनों विधायकों की सदस्यता रदद करने की मांग की थी। इसका जिक्र सदन में भी हुआ था। तय हुआ था कि शिकायतों के परीक्षण के बाद कार्रवाई का फैसला होगा। बताया जा रहा है कि शुरुआती परीक्षण में विधायकों पर लगे आरोप कार्रवाई के लिए पर्याप्त लगे हैं, ऐसे में उनको नोटिस जारी हुआ है।
तीन बिंदुओं पर केंद्रित हैं आरोप
तीनों विधायकों के खिलाफ विधानसभा सचिव को भेजा गया नेता प्रतिपक्ष का पत्र ढाई पृष्ठों का था। इस पत्र के साथ 50 पृष्ठ सबूत के तौर पर लगाए गए थे, जिनमें अखबारों की रिपोर्ट और तस्वीरें थीं। इसमें आरोप मुख्यत: तीन बिंदुओं पर केंद्रित है। पहला, विधायक कांग्रेस के टिकट पर जीते और अब जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के साथ हैं। दूसरा, तीनों ने राज्यसभा चुनाव के दौरान विप का उल्लंघन कर राज्यसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया है। तीसरा, तीनों विधायक जनता कांग्रेस की कोर कमेटी में शामिल हैं।
विधायक गुंडरदेही आरके राय ने कहा कि मुझे नोटिस मिल गया है। नेता प्रतिपक्ष के आरोपों में कोई दम नहीं है। मैं 2 अगस्त को जवाब दाखिल कर दूंगा। जवाब के तीन लाइनों में ही कांग्रेस निपट जाएगी। पहली बात मैंने अभी तक राहुल गांधी को इस्तीफा नहीं भेजा है। जनता कांग्रेस में भी मैं अधिकृत तौर पर शामिल नहीं हूं। दूसरी बात विप सदन के भीतर प्रभावी होता है। सदन के बाहर मतदान के लिए नहीं। कांग्रेस ने मुझे ऐसा कोई विप सर्व नहीं कराया है। रही बात जनता कांग्रेस कोर कमेटी में होने की तो वह कोई भी हो सकता है। उसको दलबदल थोड़े न मान लेंगे।
छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े ने कहा कि कांग्रेस ने तीनों विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग की थी। अब उनको नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जवाब का परीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।