छत्तीसगढ़ में जनजाति वर्ग से नए मुख्यमंत्री साय के चुने जाने से प्रदेश में उत्साह का माहौल
रायपुर.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री बनने पर जशपुर जिले के महिलाओं ने भी जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। महिलाएं अपनी ख़ुशी का इजहार करने के लिए रायपुर के विधायक निवास कॉलोनी पहुंचकर झूमकर नृत्य किया। जशपुर जिले की ममता कश्यप, शारदा प्रधान, रीना बरला ने बताया कि आज हम महिलाओं की मंडली मुख्यमंत्री विष्णु साय की पत्नी कौशल्या देवी साय से मुलाकात किए और उनके साथ मिलकर पारंपरिक लोक नृत्य का आनंद लेते हुए खुशियां मनाई सभी महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
वहीं जनजाति बहुल छत्तीसगढ़ में जनजाति वर्ग से नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के चुने जाने से प्रदेश में उत्साह का माहौल है। आदिवासी समुदाय इसे एक बड़ी उपलब्धि के साथ गर्व का विषय मान रहा है। उन्हें उम्मीद है कि आदिवासी समुदाय से नवनियुक्त मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों के उत्थान की दिशा में नई ऊर्जा के साथ छत्तीसगढ़ में कार्य होगा।
कांकेर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए आदिवासी नेता आशाराम नेताम ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में ऐतिहासिक रूप से आदिवासी समाज से मुख्यमंत्री चुना गया है, जो पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज से मुख्यमंत्री बनाए जाने की दो दशक पुरानी मांग रही है, इसे ध्यान में रखते हुए स्वच्छ छवि और सकारात्मक सोच के धनी विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री चुना गया है। प्रदेशवासियों के लिए इससे अधिक खुशी की बात और नहीं हो सकती कि वर्षों पुरानी मांग तथा जनभावनाओं का खयाल रखते हुए आदिवासी समाज से प्रदेश के मुखिया का चयन किया गया है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ राज्य में अब केन्द्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी तत्परता से होगा और समाज के सभी तबकों को आसानी से योजनाओं का लाभ मिलेगा।