
रायपुर@पीलूराम साहू। Cyclone in Bay of Bengal: बंगाल की खाड़ी में लगातार बन रहे मौसमी सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश में रविवार को बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। रायपुर में भी गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, अगले दो दिनों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। यानी बादलों और बारिश के बीच फिलहाल राहत के बाद तापमान में फिर तेजी आने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में सोमवार और मंगलवार को यलो अलर्ट जारी किया गया है। जशपुर जिले के मनोरा में सर्वाधिक 70 मिमी बारिश हुई। कुनकुरी और बलरामपुर जिले के कुसमी में 50-50 मिमी पानी बरसा। मौसम में नमी के कारण कई इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है। शनिवार को जगदलपुर में सर्वाधिक 31.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा।
इधर, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास विकसित हुआ कम दबाव का क्षेत्र पहले अवदाब और फिर गहरे अवदाब में बदल गया। इसके बाद यह मुरासु चक्रवात के रूप में विकसित हुआ है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यह पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंच सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है।
एक सप्ताह के भीतर बंगाल की खाड़ी में यह दूसरा चक्रवाती सिस्टम है। इससे पहले चक्रवात अर्नब के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बारिश हुई थी। नए चक्रवात के मद्देनजर वहां निचले और पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई गई है। वहीं छत्तीसगढ़ में बारिश और तेज हवा के कारण धान की फसल को भारी नुकसान हुआ था।
मौसम विभाग ने 2 और 3 नवंबर को छत्तीसगढ़ में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था।