
Chhattisgarh PDS Rice: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन वितरण की व्यवस्था अब पूरी तरह बदलने जा रही है। प्रदेश सरकार हितग्राहियों को अधिक सुविधा देने के लिए ग्रेन एटीएम (Grain ATM) सेंटर शुरू करने की तैयारी में है। इन मशीनों से बैंक एटीएम की तरह नकदी नहीं, बल्कि पीडीएस का चावल मिलेगा।
हितग्राही दिन हो या रात, 24 घंटे किसी भी समय एटीएम सेंटर पहुंचकर अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य उचित मूल्य की दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करना, समय की बचत करना और राशन वितरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाना है।
खाद्य विभाग ने इस योजना की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में करने का फैसला लिया है। पहले चरण में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में एक-एक ग्रेन एटीएम सेंटर स्थापित किया जाएगा। रायपुर में ग्रेन एटीएम के लिए स्थान भी तय कर लिया गया है। रावांभाठा क्षेत्र में आरटीओ कार्यालय के पीछे स्थित सरकारी भवन में पहला ग्रेन एटीएम सेंटर बनाया जाएगा। खाद्य विभाग और नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। यदि पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
ग्रेन एटीएम सेंटर बैंक एटीएम की तर्ज पर 24×7 खुले रहेंगे। हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय सेंटर पहुंचकर राशन प्राप्त कर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया में करीब 30 से 50 सेकंड का समय लगेगा। सेंटर की सुरक्षा के लिए वहां सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहेगा।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ग्रेन एटीएम शुरू होने से उचित मूल्य की दुकानों पर लगने वाली भीड़ काफी कम होगी। लोगों को निश्चित समय पर दुकान पहुंचने की मजबूरी नहीं रहेगी और वे अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय राशन ले सकेंगे। इससे समय की बचत होने के साथ वितरण व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होगी।
ग्रेन एटीएम की व्यवस्था देश के कई राज्यों में पहले से लागू है। ओडिशा, बिहार, राजस्थान और हरियाणा में इस मॉडल का प्रयोग किया जा चुका है। इन राज्यों में कई स्थानों पर पीडीएस वितरण के लिए ग्रेन एटीएम सेंटर संचालित हो रहे हैं। अब छत्तीसगढ़ भी इस तकनीक को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।
रायपुर खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि फिलहाल ट्रायल के रूप में पहला ग्रेन एटीएम सेंटर स्थापित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। जल्द ही अन्नपूर्णा मशीन सहित पूरा सेटअप स्थापित कर सेंटर शुरू किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने के बाद इसे पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा।
ग्रेन एटीएम योजना को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे लाभार्थियों को 24 घंटे राशन उपलब्ध होगा, वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और सरकारी राशन व्यवस्था को तकनीक के जरिए अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।