
रायपुर. राजधानी रायपुर से बिलासपुर, भाटापारा, तिल्दा जैसी जगहों पर नौकरी करने वालों को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रेलवे ने अपने लोकल ट्रेनों के समय में कुछ बदलाव कर यात्रियों को एक सुखद यात्रा देने की कोशिश है।
नए समय के अनुसार बिलासपुर से रायपुर के लिए रोजाना जो लोकल ट्रेन चलती है, उसे आधा घंटा फास्ट कर दिया गया है। यह गाड़ी 9.30 बजे की जगह 1 सितंबर से रात 8.55 बजे रायपुर स्टेशन पहुंच जाएगी। रेलवे ने बिलासपुर-रायपुर मेमू और रायगढ़-बिलासपुर लोकल ट्रेन की नई समय सारिणी घोषित की है।
आधा घंटा पहले छूट जाएगी ट्रेन
पहले यह ट्रेन बिलासपुर स्टेशन से शाम 7.05 बजे रवाना होती थी और रात 9.30 बजे रायपुर स्टेशन पहुंचती थी। नई समय सारिणी में अब यह ट्रेन शाम 6 बजकर 40 मिनट पर रवाना होगी और रात 8 बजकर 55 मिनट पर रायपुर स्टेशन पहुंचेगी। यानी इस लोकल ट्रेन को रेलवे ने 25 मिनट फास्ट चलाने का निर्णय लेते हुए नई समय सारिणी एक सितंबर से लागू करेगा।
इन स्टेशनों के यात्री को राहत
बिलासपुर से 25 मिनट जल्दी चलने से दाधापारा, चकरभाटा, बिल्हा, दगोरी, निपनिया, भाटापारा, हथबंद, तिल्दा, बैकुंठ, सिलयारी, मांढर, उरकुरा, डब्ल्यूआरएस और रायपुर के बीच रोजाना आना-जाना करने वाले यात्री जल्दी पहुंच सकेंगे। यह ट्रेन भाटापारा रात 7.55 बजे आती थी और अब शाम 7.30 बजे, तिल्दा रात 8.20 बजे पहुंचती थी तो अब शाम 7.55 बजे पहुंचेगी। इसी तरह रायगढ़-बिलासपुर के बीच चलने वाली लोकल पहले रायगढ़ से 15.25 बजे रवाना होती थी और अब 14.05 बजे छूटेगी। यानी यह लोकल ट्रेन 40 मिनट फास्ट चलेगी।