रायपुर

BJP महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बोली- धमतरी के तीनों सीटों पर जीत पक्की

उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले में तीन विधानसभा में दो विधानसभा सीटें भाजपा के कब्जे में है।

2 min read
Jul 04, 2018
BJP महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बोली- धमतरी के तीनों सीटों पर बीजेपी की जीत पक्की

धमतरी. धमतरी जिले की तीनों विधानसभा सीटों को जीतने के लिए भाजपा महिलाओं पर ज्यादा भरोसा कर रही है। जिलास्तरीय बूथ सम्मेलन में पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर ने महिला कार्यकर्ताओं को सामाजिक स्तर पर अपनी पैठ गहरी बनाकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने के लिए प्रेरित किया। उधर ऐन मौके पर पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडे कार्यक्रम में नहीं आई। ऐसी चर्चा है कि पिछले दिनों उनके द्वारा एक वर्ग विशेष के पदाधिकारी के साथ किए गए दुव्र्यवहार के कारण पार्टी के नेता नहीं चाहते थे कि वे यहां आए और किसी प्रकार का विरोध हो।

उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले में तीन विधानसभा में दो विधानसभा सीटें भाजपा के कब्जे में है। विशेषकर धमतरी विधानसभा सीट पिछले 10 सालों से कांग्रेस के कब्जे में है। विभिन्न सर्वे रिपोर्ट के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति कुछ कमजोर नजर आ रही है। शायद यही कारण है कि भाजपा नेतृत्व ने यहां अपनी ताकत झोंक दिया है।

इस कड़ी में बुधवार को हरदिहा साहू समाज भवन में जिलास्तरीय महिला बूथ सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें सभी 709 बूथों में बनाई गई सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुई। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर ने प्रदेश में सत्तारूढ़ रमन सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों का विकास किया जा रहा है। विशेषकर महिलाओं को सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार ने कई प्रयास किया है।

महिलाओं का विश्वास सरकार के प्रति बढ़ा है। उन्होंने आगे कहा कि धमतरी जिला की तीनों विधानसभा सीटें जीतने और प्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा पार्टी से जोड़े। हमारा बूथ जितना मजबूत होगा, उतना ही जीत की संभावना भी प्रबल होगी। महिलाएं यदि ये ठान लें कि हम अपने बूथ में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान कराएंगे, तो फिर कोई ताकत नहीं हमें हरा सके।

उन्होंने आगे कहा कि सामाजिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देकर महिलाओं के बीच हमारी पैठ मजबूत करें। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रामू रोहरा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमलता शर्मा, पार्वती वाधवानी, परिणिता साहू, रंजना साहू, चित्ररेखा निर्मलकर, सुमिता पंजवानी, बीथिका विश्वास, श्यामा साहू, सत्यवती नेताम, निर्मला ध्रुव, मोनिका देवांगन, प्रेमलता नागवंशी, प्रेमीन साहू, अंजली दुबे, आदि मौजूद थीं।

तीनों सीटें जीतने का भरोसा
प्रदेश अध्यक्ष पूजा विधानी ने धमतरी जिला भाजपा महिला मोर्चा की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां हर बूथ पर 10 कार्यकर्ताओं को बनाना था, जबकि प्रत्येक बूथ में 50-50 कार्यकर्ता बनाया गया है। पूरे प्रदेश में इससे अच्छा संदेश गया है। उन्होंने अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष को भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक बूथ में बढ़त लेकर जिले की तीनों सीटें पार्टी की झोली में डालेंगे।

महिलाओं का बढ़ाया मान
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विभा राव, शोभा सोनी ने कहा कि रमन सरकार ने बहू और बेटी के आत्म सम्मान की रक्षा की। घर-घर शौचालय बनाया। गैस चूल्हा दिया। इससे जहां महिलाओं का मान सम्मान बढ़ा, वहीं हमारी सामाजिक और आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ। मंच पर जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष हेमलता शर्मा, महापौर अर्चना चौबे, ममता अग्रवाल, शालिनी, मीनल चौबे, सरला जैन, पिंकी शाह, ज्योति चन्द्राकर आदि मौजूद थी।

कद्दावर नेता की शिकायत
भाजपा के भरोसेमंद सूत्रों के अनुसार महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर ने टिकिट दावेदार महिलाओं को आश्वस्त किया है कि धमतरी विधानसभा क्षेत्र से इस बार किसी महिला को मौका दिया जा सकता है। कुछ महिला नेत्रियों ने जिले के एक कद्दावर नेता द्वारा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने की भी शिकायत की।

Published on:
04 Jul 2018 09:44 pm
Also Read
View All