
रायपुर. भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आरोपों पर तंज कसा है। पांडेय ने कहा, प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भाषा बोल रही हैं। जहां से फर्जी आंकड़े मुख्यमंत्री को मिलते हैं। वहीं से मिले आंकड़े गिना कर वह गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं।
छत्तीसगढ़ की सरकार के बारे में बताने लायक उनके पास कुछ नहीं था इसलिए वे यूपी के उस जमाने के किस्से कहानी सुना गईं जब उनके पिता प्रधानमंत्री थे। पिता तो पिता वे अपने पिता के नाना तक की लोरियां छत्तीसगढ़ की बहनों को सुना गईं।
उनके पास पुरखों के संस्मरण सुनाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। रही बात गैस सिलेंडर की तो बताएं कि वे चार सिलेंडर कहां हैं, जो 2018 के जन घोषणा पत्र में कांग्रेस दे रही थी। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस राज में महिलाओं की स्थिति सबसे खराब है तो प्रियंका गांधी को मुख्यमंत्री से पूछना चाहिए कि किस बात का महिला समृद्धि सम्मेलन कर रहे हैं।