रायपुर

भाजपा प्रवक्ता का भूपेश के आरोपो पर पलटवार, बोले- क्रिमिनल कांगे्रस बन चुकी है पीसीसी

संजय श्रीवास्तव ने कहा, शहरी माओवाद पर सुप्रीम कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला आया है
2 min read
Sep 29, 2018
BJP Press conference
भाजपा प्रवक्ता का भूपेश के आरोपो पर पलटवार, बोले- क्रिमिनल कांगे्रस बन चुकी है पीसीसी

रायपुर. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के आरोपों पर पलटवार किया है। शाम को एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, गुरुवार को हमने कांग्रेस की प्रदेश कमेटी को प्रदेश क्रिमिनल कांग्रेस कहा था।

यह खबर समूचे देश भर में ट्विटर पर टॉप 5 में ट्रेंड करता रहा। इसके बाद माना जा रहा था कि, कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व का भी ध्यान इस ओर जाएगा, लेकिन ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय इकाई में भी भूपेश बघेल जैसी अपराधी मानसिकता के लोग ही बैठे हुए हैं। सत्ता जाने की बौखलाहट और वैधानिक रूप से मुख्य विपक्षी दल भी नहीं रह चुकी राष्ट्रीय कांग्रेस भी अब ऑल इण्डिया क्रिमिनल कांग्रेस हो गई।

श्रीवास्तव ने कहा, कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। वह एेसे ही उलजुलूल आरोप लगाकर राजनीति में टिके रहने की कोशिश में है। संजय श्रीवास्तव ने कहा, आज अश्लील सीडी कांड का एक आरोपी एक राजनीतिक दल का प्रदेश अध्यक्ष बना हुआ है, यही अपने आपमें शर्मनाक है। संजय श्रीवास्तव ने कांग्रेस के पूरे आंदोलन को भी सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना था, जनता से समर्थन और सहानुभूति नहीं मिलने पर भूपेश को जमानत लेकर बाहर आना पड़ा।

राहुल गांधी पर भी बोला हमला
संजय श्रीवास्तव ने कहा, शहरी माओवाद पर सुप्रीम कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला आया है। इस फैसले से कांग्रेस की अपराधी और देशद्रोहियों को समर्थन करने की मंशा अब और अच्छी तरह देश के सामने आ चुकी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शहरी माओवादियों का पक्ष लेते हुए बौखलाहट में संघ पर उल-जुलूल आरोप लगाए थे। इस तरह वे अश्लीलता, अपराध, आतंक और देशद्रोह जैसे कृत्यों के आरोपियों का मंच होते जा रहे हैं।

मोरारका ने ऐसे दिए पैसे
सीबीआइ से पूछताछ में अब गवाह बन चुके लवली खनूजा ने बताया था कि कैलाश मोरारका ने मुझसे कबूला था कि वह रिंकू को लेकर अश्लील वीडियो देखने मुम्बई गए थे और वहां चार-पांच दिन रुके थे। लवली का कहना था कि मामले के खुलासे के बाद रिंकू ने उसे बताया था कि मंत्री की अश्लील वीडियो की 75 लाख रुपए में सौदेबाजी हो गई है। लवली का कहना था कि कैलाश मोरारका ने 20 लाख रुपए रायपुर में और बाकी 55 लाख रुपए मुंबई में रिंकू खनुजा और विजय पंड्या को दिए थे।

लवली खनुजा ने यह भी माना कि उसने विजय पंड्या को 6 लाख रुपए मराठी फिल्म में पैसा लगाने के लिए दिए थे, लेकिन वह पैसा वापस नहीं मिला है। लवली ने सीबीआइ को बताया कि घटना का खुलासा होने के बाद मैंने एक स्थानीय चैनल के मालिक को बता दिया था कि मेरे भाई ने ही यह अश्लील सीडी बनवाई है। इसके बाद चैनल के मालिक ने मंत्री को फोन मिलाया और उनको अपने कार्यालय बुलाया।

Updated on:
29 Sept 2018 09:02 am
Published on:
29 Sept 2018 09:02 am
Also Read
View All