मंत्री की कथित सेक्स सीडी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के पुतले की शव यात्रा निकाली और अंतिम संस्कार किया।
रायपुर . छत्तीसगढ़ के मंत्री की कथित सेक्स सीडी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल के पुतले की शव यात्रा निकाली और बंगले के बाहर अंतिम संस्कार किया। इससे पहले भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में सभा की। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने फर्जी अश्लील सीडी बनाकर प्रदेश के मंत्री ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की जनता को शर्मसार किया है। कांग्रेस के इस घिनौने कृत्य को प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। सभा के बाद बड़ी संख्या में महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भूपेश के पुतले की शव यात्रा निकाली और बंगले की ओर कूच किया।
भूपेश के बंगले के बाहर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को रोकने बड़ी संख्या में महिला पुलिस बल मौजूद थी। महिला कार्यकर्ताओं ने भूपेश के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं का उग्र प्रदर्शन देख पुलिस बल को हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताआें ने भूपेश के पुतले का अंतिम संस्कार किया।
भूपेश बघेल के बंगले में तोडफ़ोड़ की शिकायत
उधर, प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के सरकारी बंगले में तोडफ़ोड़ करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत लेकर कांग्रेस पदाधिकारी मंगलवार को सिविल लाइन थाने पहुंचे। वहां उन्होंने बंगले के कर्मचारी फिरंता यादव की ओर से शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि 29 अक्टूबर की रात भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बंगले में जूता-चप्पल फेंककर, तोड़-फोड़ किया। मुख्यद्वार बंद होने के बावजूद वे लोग दीवाल फांदकर भीतर कूदे और लाठी डंडा लहरा कर गाली गलौच किया। कांग्रेस पदाधिकारियोंं का कहना था कि इस हरकत से डरे कर्मचारी ने बघेल के दिल्ली से लौटने के बाद उन्हें जानकारी दी। उसके बाद वे लोग एफआईआर कराने पहुंचे हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी ने आवेदन लेकर एक सप्ताह का समय मांगा। गुस्साए कांग्रेस नेताओं ने एफआईआर के लिए बुधवार दोपहर 12 बजे तक का वक्त दिया। उनका कहना था कि अगर उस समय तक एफआईआर नहीं हुई तो थाने का घेराव किया जाएगा।