रायपुर

सोनिया गांधी की किताब से लेकर छत्तीसगढ़ के साहित्य तक, डिजिटल दौर में भी किताबों का क्रेज बरकरार, जानें कैसे

Book Reading Culture: डिजिटल दौर में जहां युवा पीढ़ी का ज्यादातर समय मोबाइल और सोशल मीडिया पर बीत रहा है, वहीं किताबों के प्रति लोगों का मोह अब भी बरकरार है।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 3:31 PM IST
Reading Habits in Digital Era
डिजिटल दौर में भी किताबों का क्रेज बरकरार (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर@ताबीर हुसैन। Chhattisgarh Literature: मोबाइल की स्क्रीन पर उंगलियां दौड़ाने वाली पीढ़ी के बीच किताबों की दुनिया अब भी आबाद है। खबरें पढ़ने से लेकर कहानियां सुनने तक के विकल्प भले ही डिजिटल हो गए हों, लेकिन छपे हुए पन्नों का आकर्षण खत्म नहीं हुआ है। इसकी ताजा मिसाल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित किताब 'बिलॉन्ग: अ जर्नी ऑफ लव' है। 10 नवंबर को प्रकाशित इस किताब ने अपने विषय और राजनीतिक महत्व के कारण चर्चा बटोरी है। इसमें सोनिया गांधी ने इटली में अपने बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात, परिवार, निजी जीवन और भारतीय राजनीति के अपने लंबे सफर को समेटा है।

14 से 20 नवंबर तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के मौके पर किताबों की दुनिया को देखें तो साफ है कि पढ़ने का तरीका बदला है, लेकिन पढ़ने की इच्छा खत्म नहीं हुई। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, ई-बुक और ऑडियोबुक के विकल्पों के बावजूद मुद्रित किताबों की अपनी जगह बनी हुई है। खासकर जब कोई चर्चित व्यक्तित्व अपनी जिंदगी के अनकहे पहलुओं को किताब के जरिए सामने लाता है या किसी लेखक की रचना पाठकों के मन को छूती है, तो किताबों की ओर लोगों का रुझान फिर दिखाई देने लगता है।

सियासत के किस्से भी किताबों में दर्ज

छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास और सियासी घटनाक्रम में भी किताबों की अहम भूमिका रही है। प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री स्वर्गीय अजीत जोगी से जुड़ी पुस्तक 'अजीत जोगी : सपनों का सौदागर' उनके प्रशासनिक जीवन से मुख्यमंत्री बनने तक के सफर को सामने लाती है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जीवन और राजनीतिक संघर्ष पर प्रतीक उमरे की पुस्तक 'कॉमनमैन भूपेश बघेल' भी चर्चा में रही। इससे पहले पंडित सुंदरलाल शर्मा की 'छत्तीसगढ़ी दानलीला' जैसी रचनाएं प्रदेश की साहित्यिक और सामाजिक चेतना की पुरानी परंपरा को सामने रखती हैं।

छत्तीसगढ़ के लेखकों की रचनाएं राष्ट्रीय स्तर पर

छत्तीसगढ़ की साहित्यिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में यहां के रचनाकारों का भी बड़ा योगदान है। अंबिकापुर में जन्मे अक्षत गुप्ता की पौराणिक कथाओं और रोमांच को जोड़ने वाली 'द हिडन हिंदू' शृंखला को देशभर में पाठक मिले हैं। प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस के मुताबिक, इस शृंखला की एक लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं।

वहीं, रायपुर के साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के उपन्यास 'नौकर की कमीज' और 'दीवार में एक खिड़की रहती थी' हिंदी साहित्य की महत्वपूर्ण रचनाओं में शामिल हैं। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित शुक्ल की रचनाएं अपनी सहज भाषा और संवेदनशीलता के लिए पहचानी जाती हैं। बस्तर के सामाजिक और राजनीतिक संघर्षों पर नंदिनी सुंदर की 'द बर्निंग फॉरेस्ट' तथा डॉ. संजय अलंग की छत्तीसगढ़ के इतिहास पर आधारित पुस्तकें भी प्रदेश को समझने के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ उपलब्ध कराती हैं।

डिजिटल माध्यमों ने पढ़ने के विकल्प बढ़ाए हैं, लेकिन किताबों की जरूरत और उपयोगिता अब भी बनी हुई है। कोई पाठक मनोरंजन के लिए उपन्यास पढ़ रहा है तो कोई इतिहास जानने के लिए दस्तावेजी किताबें तलाश रहा है। राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह का संदेश भी यही है कि पढ़ने की संस्कृति को केवल पुस्तकालयों तक सीमित न रखकर नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाए। तकनीक के साथ कदमताल करती दुनिया में किताबों के पन्ने अब भी अपनी जगह बनाए हुए हैं।

स्थानीय विषयों पर बढ़ रही पाठकों की दिलचस्पी

छत्तीसगढ़ में भी किताबों की मांग केवल बड़े लेखकों या चर्चित उपन्यासों तक सीमित नहीं है। स्थानीय इतिहास, संस्कृति, जनजातीय जीवन, पुरातत्व और पर्यटन जैसे विषयों पर भी पाठकों की दिलचस्पी बढ़ी है। सरस्वती बुक्स के आकाश माहेश्वरी के अनुसार, पिछले 5 से 10 वर्षों में प्रदेश में नए और युवा लेखकों की संख्या बढ़ी है। साथ ही, छत्तीसगढ़ से जुड़े विषयों पर किताबों की मांग भी सामने आई है।

उनके प्रकाशन से आई पांच खंडों और करीब 2,200 पन्नों वाली पुस्तक 'छत्तीसगढ़ का समग्र बस्तर' इसका उदाहरण है। गंभीर ऐतिहासिक विषयों पर इतनी बड़ी पुस्तक तैयार होना बताता है कि स्थानीय इतिहास और दस्तावेजी लेखन के लिए भी पाठक मौजूद हैं। डिजिटल माध्यमों और ऑनलाइन बिक्री के विकल्पों ने किताबों तक पहुंच आसान की है। अब पाठक किताबों की जानकारी लेने और उन्हें मंगाने के लिए केवल पारंपरिक बुक स्टोर पर निर्भर नहीं हैं।

युवा पाठक चाहते हैं छोटी और रोचक रचनाएं

साहित्यकार और भाषाविद् डॉ. सुधीर शर्मा का मानना है कि युवा पीढ़ी किताबें पढ़ना चाहती है, लेकिन उसकी पसंद और पढ़ने का तरीका बदला है। आज का युवा ऐसी रचनाओं की ओर अधिक आकर्षित होता है, जिन्हें कम समय में पढ़ा जा सके और जो उसे बांधे रखें। 'मुसाफिर कैफे' जैसे उपन्यास, लघुकथाएं, हाइकु और गजलें इसी बदलती पसंद का हिस्सा हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि गंभीर साहित्य पढ़ने वाले कम हो गए हैं। साहित्य उत्सवों, पुस्तक चर्चाओं और नए लेखकों की रचनाओं के प्रति रुचि बनी हुई है।

Updated on:
16 Nov 2026, 3:31 PM IST
Published on: