
रायपुर/भानपुरी. जगदलपुर के घोटिया के रतेंगा गांव में अपने पिता को बचाने भालूओं के झुंड से एक बेटा भिड़ गया। हालांकि पिता की जान बचाने के फेर में वह खुद भी जख्मी हो गया है। दोनों का उपचार मेडिकल कालेज में चल रहा है। इसमें पिता सिंधु की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुधापाल निवासी सिंधु अपने ससुराल रतेंगा जा रहा था। बीच में कुछ इलाका जंगल से घिरा हुआ है। जब वह यहां से गुजर रहा था तभी सामने से दो से तीन भालू आ गए। उन्होंने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वह घबरा गया और जमीन पर गिरकर बचाव के लिए चीखने लगा।
आवाज सुनकर कुछ पीछे चल रहा उसका बेटा बबलू भागते हुए वहां पहुंचा। हालत देखकर उसने बिना घबराए तीनों भालूओं पर हाथ-मुक्के से प्रहार करना शुरू कर दिया। बबलू के आने से भालू घबरा गए और उन्होंने उसे भी अपना शिकार बनाना चाहा। पर वह पूरी ताकत से उन पर हमला करता रहा। आखिरकार दोनों को घायल छोड़कर भालू जंगल की ओर निकल भागे।
इस हमले में बबलू के हाथ भी एक भालू ने नोच खाया। किसी तरह दोनों गांव तक पहुंचे यहां से ग्रामीणों ने दोनों को मेडिकल कालेज पहुंचाया है। सिंधु की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस इलाके में तीन महीने पहले भी एक भालू ने ग्रामीण पर हमला कर दिया था। लगातार हो रही घटना से ग्रामीणों में दहशत है।