Congress Party : प्रदेश कांग्रेस ने अपने दो पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह और डॉ. विनय जायसवाल को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया है।
Chhattisgarh Politics : प्रदेश कांग्रेस ने अपने दो पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह और डॉ. विनय जायसवाल को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया है। बता दें कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद दोनों पूर्व विधायकों ने कांग्रेस नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिस पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यह निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार निष्कासन के बाद दोनों पूर्व विधायकों ने शाम को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलने सीएम हाउस में भी गए थे। इसके पहले विनय जायसवाल के घर पर पूर्व विधायकों की बैठक भी हुई थी।
इसे लेकर कांग्रेस में हलचल तेज हो गई थी। वहीं विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद बृहस्पत सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर हार का ठीकरा फोड़ा था। जबकि विनय जायसवाल ने टिकट दिलाने के लिए कांग्रेस नेता चंदन यादव द्वारा सात लाख रुपए का रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। इसके बाद पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस के जवाब के बाद कांग्रेस ने दोनों पूर्व विधायकों पर निष्कासन की कार्रवाई की है।
पूर्व मंत्री जयसिंह को कारण बताओ नोटिस
कांग्रेस ने पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल को भी पार्टी नेताओं के खिलाफ बयान बाजी करने पर नोटिस जारी किया है। जिसमें अग्रवाल को तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। बता दें कि जय सिंह अग्रवाल ने भी कांग्रेस की करारी हार के लिए प्रदेश कांग्रेस और सरकार के वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए थे।