रायपुर

CG Assembly Winter Session: पहले दिन धान खरीदी की अव्यवस्था को लेकर पक्ष-विपक्ष में रार, भाजपा विधायक पर भूपेश ने ली चुटकी

CG Assembly Winter Session: पहले दिन धान खरीदी की अव्यवस्था को लेकर पक्ष-विपक्ष में रार, भाजपा विधायक पर भूपेश ने ली चुटकी

5 min read
Dec 17, 2024

CG Assembly Winter Session: विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को धान खरीदी केंद्रों में अमानक बारदाने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने ध्यानाकर्षण के जरिए इस मुद्दे को उठाया। उनका कहना था कि कम वजन के बारदाने में धान की खरीदी हो रही है।

इससे किसानों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और मामले की जांच विधानसभा समिति से कराने की मांग रखी। मंत्री दयालदास बघेल ने कहा, शिकायत मिलने के बाद जांच कराई गई है। बारदाने अमानक नहीं है। अब विधायक दल की समिति से जांच कराने की आवश्यकता नहीं है। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने बहिगर्मन कर दिया।

CG Assembly Winter Session: कांग्रेस ने सदन से कर दिया बहिगर्मन

नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने कहा,17 करोड़ से अधिक बारदाने एक हजार करोड़ से क्रय किए जा रहे हैं। इन बारदानों का वजन स्टैंडर्ड बारदाने से 100 ग्राम तक कम है। निजी जूट मिलों को फायदा पहुंचाने की कोशिश हो रही है। इस पर मंत्री बघेल ने कहा, गौरीशंकर जूट मिल के बारदानों में शिकायत मिली थी। जिला प्रशासन ने इसकी जांच की, जिसमें बारदाने अमानक नहीं पाए गए। निजी जूट मिलों को फायदा पहुंचाने का आरोप गलत है।

बारदानों को लेकर कहीं भी किसान परेशान नहीं हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने कहा कि बारदाना का वजन 580 ग्राम होता है, लेकिन जो बारदाना केंद्रों तक पहुंचा है, उसका वजन 480 ग्राम है। (Chhattisgarh News) इस पर मंत्री ने कहा कि जूट मिल कमिश्नर परीक्षण के बाद बारदाना भेजता है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा, इस मामले में बड़ा भ्रष्टाचार दिखाई दे रहा है। इसकी जांच विधानसभा की कमेटी से कराएं। इस पर मंत्री बघेल ने कहा कि जांच की आवश्यकता नहीं है। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस ने सदन से बहिगर्मन कर दिया।

दिवंगत गोपाल व्यास और नंदराम सोरी को दी गई श्रद्धांजलि

सदन के पहले दिन दिवंगत राज्यसभा सदस्य गोपाल व्यास और अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व सदस्य नंदराम सोरी को श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सदन में दोनों दिवंगतों के निधन का उल्लेख किया। पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सदन में श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दिवंगतों के समान में सदन में दो मिनट का मौन रखा गया और सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित की गई।

994 टंकी बनाने के बाद अब खोज रहे जल स्त्रोत

ध्यानाकर्षण के जरिए विधायक अजय चंद्राकर, भावना बोहरा और अंबिका मरकाम ने जल जीवन मिशन का मुद्दा उठाया। इस दौरान भाजपा विधायक अपने ही डिप्टी सीएम व पीएचई मंत्री अरुण साव को घेरते नजर आए। इस दौरान डिप्टी सीएम ने स्वीकार किया कि पहले जल स्त्रोत की व्यवस्था करने के बाद ढांचा बनाए जाने के नियम है, लेकिन प्रदेश में 994 टंकियां बनाने के बाद अब जल स्त्रोत की व्यवस्था की जा रही है। इसे लेकर अधिकारियों पर कार्रवाई भी की गई है।

21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की हो रही खरीदी: मंत्री कश्यप

विपक्ष के आरोप के बाद संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्पप ने जवाब में कहा- भारत सरकार के निर्देश पर राज्य सरकार प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी कर रही है। वादे के अनुरूप में हर किसान से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान की खरीदी हो रही है। धान खरीदी केंद्रों में समुचित व्यवस्था की गई है।

धान खरीदी केंद्रों से 4.73 लाख टन धान का उठाव हो चुका है। प्रदेश में कुल 27.78 लाख पंजीकृत किसानों में से अब तक 10.66 लाख किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचा है। किसानों को उनकी फसल का भुगतान तेजी से किया जा रहा है। अब तक विपणन संघ द्वारा 10,770 करोड़ रुपए की राशि अपेक्स बैंक को अंतरित की जा चुकी है।

सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे, कलेक्टर करेंगे जांच

प्रश्नकाल में भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने बिलासपुर में शासकीय जमीन में हुए अवैध कब्जों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, जिले के कई जगहों पर भूमि पर अवैध कब्जा हुआ है। इस पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि 2021 से 2024 सरकारी भूमि पर कब्जे की 563 शिकायतें प्राप्त हुई। इस पर सदस्य ने अधिक शिकायत होने का दावा किया। वहीं भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने बिलासपुर नगर निगम की सीमा से लगे क्षेत्रों में अवैध कब्जे की शिकायत की। इसके बाद मंत्री कलेक्टर से मामले की जांच कराने की घोषणा की।

भाजपा विधायक पर भूपेश ने ली चुटकी

शून्यकाल के दौरान हंसी ठिठौली का दौर भी चला। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों को ऑनलाइन और ऑफ लाइन टोकन न मिलने का मुद्दा उठाया। इस पर भाजपा के विधायक अजय चंद्राकर ने चुटकी लेते हुए कहा, आप भी न ऑफलाइन है न ऑनलाइन। उनका इशारा कांग्रेस संगठन में बघेल की स्थिति पर था। इस पर पूर्व सीएम ने कहा, अजय चंद्राकर, अग्रवाल, धरम वाल कौशिक,धरमजीत सिंह, राजेश मूणत, लता उसेंडी, विक्रम उसेंडी, ये साल भर से न ऑफ लाइन हैं।

ये ऑनलाइन नहीं हो पा रहे और लूप लाइन में डाल दिए गए हैं। मार्गदर्शक मंडल में डाल दिए गए हैं। इस पर भाजपा विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि हम कम से कम मार्गदर्शक मंडल में हैं आप को कहीं नहीं हैं। आप को कोई पूछ नहीं रहा है। इस पर भूपेश ने चुटकी लेते हुए कहा, चलो अमरजी ने एक साल बाद कुछ बोले तो। स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह रजत जयंती वर्ष है। वरिष्ठ मंत्री रामविचार नेताम ने कहा, दर्द दिल दर्दे जिगर छलक रहा है।

विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच तीखी नोंकझोक और नारेबाजी

विधानसभा में शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को धान खरीदी को लेकर पक्ष-विपक्ष के बीच जमकर रार हुआ। इस दौरान विपक्ष और सत्ता के बीच तीखी नोंकझोक भी देखने को मिली। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी हुई।

दरअसल, विपक्ष ने शून्यकाल के दौरान काम रोको प्रस्ताव के जरिए धान खरीदी का मुद्दा उठाया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था फैली हुई है। टोकन के लिए किसान परेशान है। धान का उठाव नहीं होने से खरीदी नहीं हो पा रही है। इसे ग्राह्य कर चर्चा की जाए। इस पर आसंदी की व्यवस्था पर ग्राहृयता पर चर्चा कराई।

इस दौरान विपक्ष ने साय सरकार पर जमकर आरोप लगाया। संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप अव्यवस्था की बात को खारिज कर दिया। इसके बाद विपक्ष आक्रामक होने लगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने काम रोको प्रस्ताव को अग्राह्य कर दिया। इस नाराज विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए वॉक आउट कर दिया।

बारदाना खरीदी में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार: विपक्ष

ये सरकार अपने ही घोषणा पत्र में किए गए वादे मोदी की गारंटी का पालन नहीं कर रही है। अंतर की राशि कब देगी इस बारे में साय सरकार जवाब नहीं दे रही है। साय सरकार की कुव्यवस्था से प्रदेश के किसानों में भारी आक्रोश है। (Chhattisgarh News) पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, धान खरीदी में सरकार अड़ंगा लगा रही है। धान खरीदी केंद्रों में धान का उठाव नहीं हो रहा है। राइस मिलरों पर धान उठाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। ये सरकार दमन की राजनीति कर लोगों को डराकर काम करा रही है।

6 साल: 27 आईएएस व 24 आईएफएस के खिलाफ शिकायत

प्रदेश में 2019 से लेकर अब तक 27 आईएएस और 24 आईएफएस के खिलाफ शिकायतें प्राप्त हुई हैं।विधानसभा में विधायक धरमलाल कौशिक के प्रश्न पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लिखित जवाब में यह जानकारी दी है। सीएम ने लिखित उत्तर में जानकारी दी है कि ईओडब्ल्यू/एसीबी के द्वारा वर्ष 2019 से अब तक कुल 27 आईएएस अधिकारियों के विरुद्ध 11 अपराध, 1 प्रारंभिक जांच, 31 शिकायतें पंजीबद्ध कर जांच की गई की जा रही हैं। वहीं 24 आईएफएस अधिकारियों के विरुद्ध विभिन्न विषयों में कुल 31 शिकायत पंजीबद्ध कर जांच की गई व की जा रही है।

विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी का बयान

CG Assembly Winter Session: विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में द्वितीय अनुपूरक बजट पटल पर रखा। यह 800 करोड़ के अधिक का अनुपूरक बजट है। इसे पारित करने से पहले सदन में चर्चा होगी। बजट में मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत अमर बलिदानी स्मारक व अन्य विकास कार्यों के लिए 3000 लाख रुपए रखा गया है। बलौदाबाजार में आठ लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक निर्माण के लिए 949 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा नवा रायपुर में फिल्म सिटी और ट्राइबल कन्वेंशन सेंटर के विकास के लिए 14766 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।

Updated on:
17 Dec 2024 05:05 pm
Published on:
17 Dec 2024 10:27 am
Also Read
View All

अगली खबर