CG Board Exam: परीक्षा से एक दिन पहले 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने का दावा किया जा रहा है। बताया गया किया प्रश्नपत्र सोशल मीडिया में वायरल हो गया..
CG Board Exam: अनुराग सिंह.12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने का दावा किया जा रहा है। परीक्षा से पहले सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुपों में प्रश्नपत्र की कुछ तस्वीरें वायरल होने की बात सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि जो प्रश्नपत्र 13 मार्च की रात को वायरल हुआ था, वही प्रश्नपत्र 14 मार्च को आयोजित बोर्ड परीक्षा में देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार 13 मार्च की रात लगभग 2 बजकर 41 मिनट पर एक वॉट्सऐप चैनल पर किसी महिला ने दो पन्नों पर लिखे हुए 15 सवाल भेजे। करीब 2 बजकर 44 मिनट पर इसी महिला ने आगे लिखा इसे भी देख लेना। अब दावा किया जा रहा है कि दो पन्नों पर जो सवाल लिखे गए थे, वो अगले दिन हिन्दी के पर्चे से एकदम मिलते जुलते हैं। यहां तक कि सवाल के क्रम भी एक जैसे हैं।
ये मामला सबसे पहले सोशल मीडिया पर एनएसयूआई के छात्र नेता पुनेश्वर लहरे ने पोस्ट किया। उन्होंने अपने एक वीडियो में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जानकारी दी। उनका कहना है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र का सोशल मीडिया में वायरल होना गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होती है तो छात्र संगठन आंदोलन करेगा। सोमवार को एनएसयूआई की ओर से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करने की बात कही गई है।