
रायपुर से बिलासपुर के लिए मिलेगी 6 लेन सड़क (Photo AI )
CG News: @ अजय रघुवंशी। राजधानी से बिलासपुर के बीच सफर को अब और सुरक्षित व सुगम बनाने की तैयारी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने आरंग से दर्री तक लगभग 95 किलोमीटर लंबी 6 लेन नई सड़क का डीपीआर और पूरा खाका तैयार कर लिया है, जिस पर करीब 3800 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। परियोजना के लिए जल्द टेंडर जारी होने की संभावना है। खास बात यह है कि यह सड़क न केवल रायपुर-बिलासपुर के बीच ट्रैफिक दबाव कम करेगी, बल्कि विशाखापट्टनम और धनबाद कॉरिडोर को भी सीधे जोड़ेगी, जिससे छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
वर्तमान में रायपुर-बिलासपुर के बीच करीब 127 किलोमीटर लंबा सिक्स और फोर लेन मार्ग है, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक के कारण सफर में दो घंटे या उससे अधिक समय लग जाता है। एनएचएआई का दावा है कि नई 6 लेन सड़क बनने के बाद यह दूरी दो घंटे से भी कम समय में तय की जा सकेगी। यदि आरंग से सीधे बिलासपुर के लिए 6 लेन सड़क बन जाती है तो शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, ट्रैफिक स्मूथ होगा और हादसों की आशंका कम होगी। आरंग के पास पारागांव में रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर का जंक्शन प्रस्तावित है, जिससे यह परियोजना प्रदेश के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है।
आरंग से दर्री तक प्रस्तावित 95 किलोमीटर लंबी 6 लेन सड़क सिर्फ रायपुर-बिलासपुर के सफर को आसान नहीं बनाएगी, बल्कि इसका असर प्रदेश के दूरस्थ अंचलों तक दिखाई देगा। नई सड़क तैयार होने के बाद मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर को भी सीधे विशाखापट्टनम कॉरिडोर से जोड़ा जा सकेगा।
राज्य की औद्योगिक गतिविधियों को गति देने के लिए मुंबई-नागपुर समृद्धि मार्ग को रायपुर तक जोड़ने की मांग पहले रखी गई थी। इससे धनबाद से आने वाले वाहनों की कनेक्टिविटी मुंबई-हावड़ा मार्ग से हो जाएगी। भारतमाला प्रोजेक्ट के अंतर्गत रायपुर-धनबाद-धनबाद-रायपुर से आने-जाने वाली गाडि़यों की लिंक मुंबई हावड़ा से होने की वजह से इकोनॉमिक कॉरीडोर को बड़ा फायदा होगा और एक्सेस कंट्रोल रोड होगा। कनेक्टिविटी मिलने से लौह अयस्क, कोयला, स्टील और सीमेंट के परिवहन में सुविधा होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कनेक्टिविटी केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे जशपुर, रायगढ़, कोरबा और बिलासपुर अंचल में औद्योगिक निवेश, कृषि उत्पादों की सप्लाई और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। समुद्र तटीय शहर विशाखापट्टनम तक सीधा रोड कनेक्शन बनने से निर्यात के अवसर भी बढ़ेंगे।
रायपुर-बिलासपुर नई 6 लेन सड़क का डीपीआर तैयार हो चुका है। जल्दी ही टेंडर जारी किया जाएगा। यह विशाखापट्टनम-धनबाद कॉरिडोर को कनेक्ट करेगा। इससे प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
Updated on:
16 Mar 2026 01:04 pm
Published on:
16 Mar 2026 01:03 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
