रायपुर

CG Custom Milling Scam: ED की बड़ी कार्रवाई, राइस मिलर रोशन चंद्राकर गिरफ्तार,140 करोड़ रुपए की हुई थी अवैध वसूली

CG Custom Milling Scam: कस्टम मिलिंग घोटाले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। राइस मिलर रोशन चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
• •
Updated: 17 May 2024, 8:06 AM IST
CG Custom Milling Scam

CG Custom Milling Scam:ईडी ने राइस मिल एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष रोशन चंद्राकर को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड पर लिया है। अब उसे 21 मई को विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया जाएगा। कस्टम मिलिंग घोटाले के संबंध में पूछताछ करने रोशन चंद्राकर को नोटिस जारी कर ईडी दफ्तर में बुलवाया गया था। उपस्थिति दर्ज कराने और पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं देने पर उसे गिरफ्तार कर गुरूवार को कोर्ट में पेश किया गया था। इस दौरान ईडी के लोक अभियोजक एवं उपमहाधिवक्ता सौरभ पांडेय की ओर से रिमांड का आवेदन पेश किया गया। साथ ही अदालत को बताया कि कस्टम मिलिंग घोटाले में ईडी दो बार छापेमारी कर चुकी है।

Chhattisgarh Custom Milling Scam: ईडी को मिले अहम सबूत

आयकर विभाग ने जुलाई 2023 को मार्कफेड के तत्कालीन एमडी मनोज सोनी, विपणन अधिकारी प्रितिका पूजा केरकेटटा और राइस मिलरों के 16 ठिकानों पर छापा मारा गया था। इस दौरान तलाशी में बोगस लेनदेन और कस्टम मिलिंग के एवज में प्रति क्विंटल 20 रुपये कमीशन लिए जाने के इनपुट मिले थे। इस प्रकरण में ईओ़डब्ल्यू भी एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है। नागरिक आपूर्ति निगम एवं एफसीआई में कस्टम मिलिंग का चावल के जमा करने की प्रकिया में व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया।

CG Custom Milling Scam: 140 करोड़ रुपए की हुई थी अवैध वसूली

मार्कफेड के तत्कालीन एमडी मनोज सोनी ने विपणन अधिकारी प्रितिका पूजा केरकेटटा के माध्यम से रोशन चन्द्राकर को निर्देश दिया था कि केवल उन्हीं राईस मिलर्स के बिल का भुगतान किया जाना है जिनकी वसूली की राशि रोशन चन्द्राकर को प्राप्त हुई है। आयकर विभाग के द्वारा की गई तलाशी की कार्यवाही से लगभग 1.06 करोड़ रूपये की नकदी, दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस मिले थे। जांच के दौरान करीब 140 करोड़ रुपए अवैध वसूली राइस मिलर्स से किया जाना पाया गया है। बता दें कि इस मामले में ईओडब्ल्यू रोशन चंद्राकर से पहले पूछताछ कर चुकी है। बता दें कि इसके पहले कस्टम मिलिंग घोटाले में मार्कफेड के पूर्व एमडी मनोज सोनी को ईओडब्ल्यू से गिरफ्तार कर पूछताछ करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

जेल में होगी पूछताछ

शराब घाेटाला में जेल भेजे गए अनवर ढेबर, अरुणपति त्रिपाठी, त्रिलोक सिंह ढिल्लन से ईडी जेल में पूछताछ करेगी। ईओडब्ल्यू के विशेष न्यायाधीश की अदालत में ईडी ने आवेदन लगाकर 27 से 31 मई 5 दिन तक जेल में पूछताछ की अनुमति मांगी थी। साथ ही बताया कि शराब घोटाले की जांच के दौरान मिले इनपुट के संबंध में पूछताछ करने की जरूरत है। पूछताछ के बाद रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद उक्त सभी को जेल भेजा गया है। कोर्ट ने आवेदन को स्वीकार कर पूछताछ के अनुमति दी।

Updated on:
17 May 2024, 8:06 AM IST
Published on: