
रायपुर। CG Election 2023 : विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे खासकर कांग्रेस के मजबूत दावेदारों में टिकट को लेकर बैचेनी बढ़ती जा रही है। कांग्रेस में प्रत्याशियों के नामों पर लगातार मंथन चल रहा है। वहीं कांग्रेस की वायरल सूची को लेकर अब दावेदारों और कार्यकर्ताओं में विरोध और शक्ति प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है। वहीं भाजपा में बाहरी प्रत्याशियों को लेकर कई विधानसभा क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन चल रहा है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी करीब पांच विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर बड़े नेताओं के सामने विरोध दर्ज कराया।
जब से भाजपा की दूसरी सूची वायरल हुई है, तब से विधानसभा क्षेत्र से लेकर प्रदेश कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। रविवार को भी पांच विधानसभा सीटों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय पहुंचकर वायरल सूची में संभावित प्रत्याशी के नाम पर विरोध दर्ज कराया। तखतपुर, साजा, डोंगरगांव, महासमुंद, पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे थे। ये सभी बदलबो, प्रत्याशी बदलबो अब नई सहिबो के नारे लगा रहे थे। कई दावेदार तो खुद प्रदेश कार्यालय पहुंचकर अपनी जीत का दावा करते हुए टिकट देने की मांग बड़े नेताओं से करते दिखे।
पहली सूची में 55 नामों की घोषणा
रविवार को प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति बैठक हुई। बैठक मुख्य मंत्री निवास कार्यालय में हुई। सूत्रों के अनुसार करीब छह घंटे तक चली बैठक में 80 सीटों पर सिंगल नाम तय किए गए। जबकि 10 सीटों के लिए नामों पर समिति में सहमति नहीं बन पाई। समिति ने इसका फैसला केंद्रीय चुनाव समिति पर छोड़ दिया है। 13 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में ही सभी 90 सीटों के उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगेगी। इसके बाद 15 या 16 अक्टूबर को कांग्रेस की पहली सूची घोषित की जाएगी। जिसमें 55 से 60 नाम हो सकते हैं।
जल्द ही आएगी सूची : मंडाविया
वायरल सूची में शामिल प्रत्याशियों के नामों का विरोध करने प्रदेश कार्यालय पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश चुनाव सह प्रभारी डॉ. मनसुख मंडाविया से मिलकर विरोध दर्ज कराया। साथ ही पैराशूट कैंडीडेट प्रत्याशियों को टिकट न देने की मांग की। ताकि स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी न हो। इसके पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बात सुनने के बाद डॉ. मंडाविया ने कहा, देखिए आप सभी भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं, भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। चुनाव में कमल छाप ही हमारा प्रत्याशी है। भाजपा जो भी प्रत्याशी उतारेगी, उसे जिताने के लिए सभी को काम करना है। फिलहाल सूची जारी नहीं हुई है, इसलिए किसी को नाराज होने की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस की वायरल सूची में नामों को लेकर यहां हुआ विरोध-शक्ति प्रदर्शनरायपुर उत्तर, रायपुर दक्षिण,सक्ती गुंडरदेही, संजारी बालोद, डौंडीलोहारा, चंद्रपुर, जैजैपुर सहित अन्य विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इन सीटों के दावेदारों ने अब खुलकर अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कुछ जगहों पर तो वर्तमान विधायकों के खिलाफ भी खुलकर प्रदर्शन हो रहा है।