
CG Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। इसी के साथ ही कांग्रेस ने चुनावी ऐलान करना भी शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने बीजेपी को मात देने के लिए महिलाओं के कई बड़े ऐलान किए हैं। (CG Lok Sabha Chunav 2024) इनमें उन्हें सालाना 1 लाख रुपए देने समेत नारी न्याय गारंटी का वादा किया है।
देश में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को 1 लाख रुपए सालाना देने की बात कही गई है। इस वादे की खुशी शुक्रवार को महिलाओं के बीच नजर आईं। महिलाओं ने आतिशबाजी के साथ एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली से पहले ही होली खेली।
कांग्रेस भवन गांधी मैदान में नारी न्याय गारंटी का पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इसके बाद कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय के नेतृत्व में महिलाओं ने एक रैली भी निकाली। इस दौरान उपाध्याय ने कहा, एक तरफ भाजपा महिलाओं के घर में महंगाई के नाम से डाका डालने का काम कर रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी इस योजना के माध्यम से उनके खाते में सीधे रकम डाल कर उनकी आर्थिक स्थिति को सुधारेगी। इस दौरान अनिता शर्मा, गंगा यादव, ममता राय, आशा चौहान, शोभा यादव, बबीता नत्थानी, उषा रंजन श्रीवास्तव सहित अन्य महिलाएं मौजूद थीं।