खेतों में पानी की समस्या से जूझ रहे किसानों को लेकर CG के मंत्री ने अफसरों को नदियों को जोड़कर खेतों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।
रायपुर. खेतों में पानी की समस्या से जूझ रहे किसानों को लेकर प्रदेश के कृषि एवं सिंचाई मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने एक बड़ा फैसला लिया। कृषि एवं सिंचाई मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को नदियों को जोड़कर खेतों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 5 महत्वपूर्ण इंट्रा लिंकिंग परियोजना महानदी-पैरी लिंक, तांदुला-गंगरेल लिंक, कोडार-नैनी नाला और अहिरन-खारंगएरेहर-एटेम लिंक परियोजनाओं से प्रदेश के हज़ारों हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की वृद्धि हो सकती है। मंत्री ने इन परियोजनाओं पर शीघ्रता से कार्य करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मंत्री अग्रवाल ने कहा कि हर खेत तक पानी पहुंचाने के लक्ष्य की ओर हमें तेजी से बढऩा है। कृषक हितैषी निर्माणाधीन विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं को जल्द पूरा करना होगा।
साथ ही उन्होंने सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं की स्वीकृति एवं शीघ्र निर्माण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में वर्ष 2016-17 एवं वर्ष 2017-18 में प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त सिंचाई योजनाओं की निविदा बुलाए जाने के लिए अधिकारियों को डेड लाइन दी गई। ताकि काम में तेजी आ सके।
बैठक में कम बारिश पर चिंता जताते हुए मंत्री ने पानी को बचाने का पूरा प्रयास हो, ज्यादा समय तक पानी उपलब्ध रह सके। बैठक में विभाग के मुख्य अभियंता एचआर कुटारे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बतादें कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ में मानसून आने के बाद भी अच्छी बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई। प्रदेश में औसत से भी कम बारिश होने से फसलों पर खतरा मंडराने लगा है। जिस पर सीएम रमन सिंह भी चिंता जता चुके हैं।