रायपुर

CG News: बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुरू होगी नाइट लैंडिंग की सुविधा, केंद्रीय कार्गो हब की मिल सकती है मंजूरी

CG News: रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से सिंगापुर और दुबई के लिए शीघ्र सीधी उड़ान सेवा शुरू होगी। इसके अलावा रायपुर हवाई सेवा से बिहार और झारखंड भी जुड़ेगा।
2 min read
• •
Updated: 21 Nov 2024, 8:10 AM IST
cg news

CG News: छत्तीसगढ़ के रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से सिंगापुर और दुबई के लिए शीघ्र सीधी उड़ान सेवा शुरू होगी। इसके अलावा रायपुर हवाई सेवा से बिहार और झारखंड भी जुड़ेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित राजीव गांधी भवन में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाक़ात की।

CG News: इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से जल्द ही अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू करने पर अपनी सहमति जताई है। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा की बड़ी संभावनाएं हैं।

CG News: रायपुर से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नई उड़ानों की मांग

CG News: मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर एयरपोर्ट को रायपुर, वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए नई उड़ानों की शुरुआत की भी मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा क्षेत्र की सांस्कृतिक और खनिज संपदा को देखते हुए नई उड़ान सेवा शुरू करने से लोगों को काफी लाभ होगा, जिस पर भी केन्द्रीय मंत्री ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है।

केंद्रीय कार्गो हब की मिल सकती है मंजूरी

साय ने राज्य में वर्तमान में कोई बड़ा कार्गो सुविधा केंद्र नहीं होने की जानकारी देते हुए रायपुर के एयरपोर्ट को एक केंद्रीय कार्गो हब में विकसित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा, इससे कृषि और बागवानी उत्पादों के परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। केन्द्रीय मंत्री ने इस प्रस्ताव पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

बैठक में बिलासपुर एयरपोर्ट के लिए थ्री सी आईएफआर कैटेगरी में अपग्रेडेशन का प्रस्ताव भी रखा है। मुख्यमंत्री साय ने इसके लिए रेडियो नेविगेशन सिस्टम डीवीओआर की इंस्टॉलेशन प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने का अनुरोध किया है। केन्द्रीय मंत्री ने बिलासपुर एयरपोर्ट पर विमानों की नाइट लैंडिंग में आ रही दिक्कतों को देखते हुए इसे तुरंत शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

जगदलपुर और बिलासपुर एयरपोर्ट के लिए वित्तीय सहायता की मांग

बैठक में मुख्यमंत्री ने जगदलपुर और बिलासपुर एयरपोर्ट्स पर आरसीएस उड़ानों के लिए वित्तीय सहायता को बहाल करने की भी मांग की है। उन्होंने बताया कि इन रूट्स पर कनेक्टिविटी बढ़ाने से क्षेत्रीय विकास में मदद मिलेगी। साय ने बताया कि जगदलपुर से रायपुर के बीच इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित उड़ान सेवा को कम यात्रियों के चलते बंद कर दिया गया था।

इसे पुनः सही समय पर शुरू करने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा, बस्तर में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए इस मार्ग पर हवाई कनेक्टिविटी की भारी मांग है। केंद्रीय मंत्री ने अन्य प्रस्तावों पर भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत एवं नई दिल्ली में पदस्थ छत्तीसगढ़ की इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सैन भी उपस्थित थीं।

Updated on:
21 Nov 2024, 8:10 AM IST
Published on: