
CG Open School Exam 2024: छत्तीसगढ़ के रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल 10वीं (हाईस्कूल) और 12वीं (हायर सेकंडरी) की तृतीय मुख्य/अवसर परीक्षाएं नवंबर में आयोजित करने जा रहा है। ओपन स्कूल की ओर से तृतीय मुख्य परीक्षा का टाइम टेबल सोमवार को जारी कर दिया गया। परीक्षा 11 नवंबर से शुरू होगी और 27 नवंबर तक चलेगी।
CG Open School Exam 2024: 12वीं की परीक्षा 11 से 26 नवंबर तक चलेगी। वहीं, 10वीं परीक्षा 11 नवंबर को शुरू होगी और 27 नवंबर को अंतिम पेपर होगा। विद्यार्थी परीक्षा के टाइम टेबल के संबंध अपने समीप स्थित अध्ययनशाला में जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं, छात्र-छात्राएं ओपन स्कूल की बेवसाइट (www.sos.cg.nic.in) में भी जाकर टाइम टेबल डाउनलोड कर सकते हैं।
10वीं और 12वीं की सभी मुख्य परीक्षाएं सुबह की पारी 8.30 बजे से शुरू होंगी। वहीं, प्रायोगिक परीक्षा के संबंध में अध्ययन केंद्रों से जानकारी मिलेगी। 12वीं सैद्धांतिक परीक्षा के दिन हाईस्कूल प्रायोगिक परीक्षा और हाईस्कूल सैद्धांतिक परीक्षा के दिन हायर सेकंडरी प्रायोगिक परीक्षा ली जा सकती है। विद्यार्थी प्रायोगिक परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी अपने परीक्षा केंद्र से संपर्क कर प्राप्त कर सकते हैं।
ओपन स्कूल की तृतीय मुख्य परीक्षा के लिए कुल 27971 विद्यार्थियों ने फार्म भरे हैं। इसमें 10वीं की परीक्षा के लिए 16158 फार्म मिले हैं। वहीं, 12वीं की परीक्षा के लिए 11813 विद्यार्थियों ने फार्म भरा है। ओपन स्कूल की परीक्षा में सामान्य क्रेडिट, आरटीडी और अवसर के परीक्षार्थी शामिल हो सकते हैं। तृतीय मुय परीक्षा के लिए 5 अक्टूबर तक आवेदन मंगाए गए थे।