
रायपुर. पूर्व मुख्यमंत्री और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) के प्रमुख अजीत जोगी अब अपनी पारंपरिक सीट मरवाही से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उनके लिए मौजूदा विधायक अमित जोगी सीट बदलकर मनेंद्रगढ़ से दावेदारी करेंगे। दो दिन पहले चुनाव नहीं लडऩे की घोषणा करने के बाद अब अजीत जोगी की उम्मीदवारी तय करने की भूमिका बनने लगी है।
जकांछ के मीडिया समन्वयक संजीव अग्रवाल ने कहा कि मरवाही क्षेत्र के लोग अजीत जोगी के चुनाव नहीं लडऩे से स्तब्ध हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने जोगी से मिलकर उन्हें मरवाही से चुनाव लडऩे का अनुरोध किया है। संजीव अग्रवाल ने कहा कि ‘लोगों ने कहा है कि जोगी को मरवाही में प्रचार के लिए आने की जरूरत नहीं है।
वे शेष 89 सीटों पर प्रचार करें, मरवाही में उन्हें जिताना हमारा काम है।’ पत्रिका ने 16 अक्टूबर के अंक में पाठकों को बताया था कि ऋचा जोगी बसपा के टिकट पर अकलतरा, अजीत जोगी मरवाही और अमित जोगी मनेंद्रगढ़ से चुनाव मैदान में उतरेंगे। ऋचा जोगी ने 18 अक्टूबर को बसपा की सदस्यता ले ली और 19 अक्टूबर को बसपा ने उन्हें प्रत्याशी भी बना दिया। उसी दिन अजीत जोगी ने चुनाव नहीं लडऩे की घोषणा कर दी थी।
एक-दो दिन में होगी घोषणा : अजीत जोगी बस्तर संभाग में चुनाव प्रचार करने गए हैं। उनके लौटने के बाद शेष बची 10 सीटों पर फैसला लिया जाएगा। उसी दौरान अजीत जोगी को मरवाही से उम्मीदवार बनाने की घोषणा की जाएगी।
मरवाही विधायक अमित जोगी ने कहा कि जोगी परिवार के सभी बड़े राजनीतिक फैसले मरवाही के लोगों से पूछ कर लिए जाते हैं। पार्टी का गठन भी मरवाही के वरिष्ठ लोगों से ही पूछ कर किया गया था। जोगीजी के चुनाव लडऩे के संबंध में भी अंतिम मुहर मरवाही वासी ही लगाएंगे। पूरी उम्मीद है कि जोगीजी हमेशा की तरह मरवाही वासियों को निराश नहीं करेंगे।
भाजपा में जाने की बात महज अफवाह : रेणु
बिलासपुर. रविवार शाम उस वक्त सियासी हलचल मच गई जब रेणु जोगी का नाम भाजपा में जाने को लेकर बात फैल गई। इस संबंध में देर रात रेणु जोगी ने पत्रिका से बात करते हुए कहा कि यह कोरी अफवाह है। मैं कांग्रेस में हूं। कांग्रेस की सिपाही हूं। इस तरह की बातें बेवजह में उड़ाई जा रही हैं। चूंकि भाजपा ने शनिवार को जारी अपनी 78 सीटों में एक कोटा सीट से किसी नाम का ऐलान नहीं किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने इस मामले को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।