
रायपुर. भारतीय जनता पार्टी ने टिकट वितरण में क्षेत्रीयता और जातिगत समीकरणों को पूरा ध्यान दिया। हालांकि पहली सूची में अल्पसंख्यक वर्ग पूरी तरह उपेक्षित रहा है। पार्टी ने सिंधी, सिख और मुस्लिम वर्ग से किसी को प्रत्याशी नहीं बनाया है। सबसे खास बात यह है कि पार्टी ने अपने 23 पूर्व विधायकों पर एक बार फिर भरोसा जताया है। इनमें से कई प्रत्याशियों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी का मानना है कि मौजूदा कांग्रेस के विधायकों को लेकर जनता की नाराजगी है। इसका फायदा पूर्व विधायकों को मिलेगा।
जनता को टटोलने के बाद प्रत्याशी हुए तय
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मिशन 65 का लक्ष्य दिया है। यही वजह है कि पार्टी हर मोर्च पर फूंक-फूंककर कदम रख रही है। पूर्व विधायकों को टिकट देना इसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। दरअसल, पार्टी ने टिकट वितरण से पहले जीत सकने योग्य प्रत्याशियों का सर्वे करवाया था। इसके साथ ही पार्टी ने इस बात का भी सर्वे करवाया था कि मौजूदा कांग्रेस विधायकों के प्रति जनता के मन में क्या है? सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक अधिकांश स्थानों पर कांग्रेस के मौजूदा विधायकों के कामकाज से जनता खुश नहीं दिखी। यही वजह है कि पार्टी ने अपने पूर्व विधायकों को दोबारा मौका दिया है।
4 पूर्व मंत्रियों पर जताया भरोसा
पार्टी ने अपने चार पूर्व मंत्रियों को टिकट दिया है। इसमें 2008 में शिक्षा मंत्री रहे मेघाराम साहू, खेल मंत्री लता उसेण्डी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और गृहमंत्री ननकी राम कंवर के नाम शामिल हैं। इसके अलावा मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक भी शामिल हैं।
पुराने नामों ने चौंकाया
सूची में शामिल नए नामों पर आश्चर्य नहीं हुआ। क्योंकि यह नाम पहलेे से चल रहे थे। पार्टी नए लोगों को मौका देने की बात कहती रही और 78 की सूची में 23 पूर्व विधायकों का नाम दे दिया। मंत्री रमशीला साहू का टिकट कटना भी तय था।
पहली बार मैदान में
रायपुर कलक्टर पद से इस्तीफा देकर भाजपा में गए पूर्व आइएएस ओपी चौधरी पहली बार मैदान में हैं। उन्हें खरसिया से उतारा गया है। चंद्रपुर विधायक युद्घवीर सिंह जूदेव की पत्नी संयोगिता सिंह और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय पहली बार चुनाव मैदान में होंगी।
इन पूर्व विधायकों को मिली टिकट
रजनी त्रिपाठी, सिद्धनाथ पैकरा, विजयनाथ सिंह, प्रोफेसर गोपालराम भगत, भरत साय, ननकीराम कंवर, धरमलाल कौशिक, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, सौरभ सिंह, नारायण चंदेल, मेघाराम साहू, नंदे साहू, संजय ढीढी, चंद्रशेखर साहू, डमरुधर पूजारी, पिंकी शिवराज शाह, लाल महेन्द्र टेकाम, कोमल जंघेल, देवलाल दुग्गा, सुभाऊ कश्यप और लच्छुराम कश्यप।
जातियों को साधने की कोशिश
इस सूची में जातीय समीकरणों को साधने की भी भरपूर कोशिश हुई है। आरक्षित सीटों पर भी विभिन्न समुदायों की जननांकीय आंकड़ों के आधार पर प्रत्याशी तय हुए हैं। वहीं मैदान क्षेत्रों में पिछड़ा वर्ग के प्रत्याशी मैदान में हैं। कांग्रेस के कुर्मी वोटों के ध्रुवीकरण के खिलाफ साहू वोटरों को साधने की रणनीति पर काम हुआ दिखता है। भूपेश बघेल के खिलाफ पाटन में मोतीलाल साहू को टिकट इसी फॉर्मूले का नतीजा है।
क्षेत्र का पूरा ज्ञान
पार्टी का मानना है कि पूर्व विधायकों को चुनाव लडऩे का अनुभव रहा है। इस लिहाज से वो अच्छा मैनेजमेंट कर सकते हैं। उन्होंने क्षेत्र के बूथों की जानकारी भी होती है। साथ ही उनका पुराना जनाधार भी चुनाव जीतने में अहम भूमिका निभा सकता है। पार्टी ने कुछ पूर्व विधायकों को संगठन के साथ जोड़कर कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पैठ बनाने का काम भी किया था। इसी का फायदा अब पूर्व विधायकों को मिलने की उम्मीद से पार्टी ने भरोसा जताया है।
कैसे जुड़ा, कैसे कटा
सरगुजा की सीटों पर पुराना प्रदर्शन दोहराने के लिए पार्टी ने 1998 और 2003 में विधायक रहे नेताओं को मौका दिया है। सीतापुर से प्रो. गोपालराम भगत का नाम ऐसे ही आया है। ओपी चौधरी व रामदयाल उइके को खरसिया और पाली-तानाखार से चुनाव लड़ाने ही पार्टी में शामिल किया गया था, क्योंकि भाजपा में वहां कोई मजबूत चेहरा नहीं था। तखतपुर में हर्षिता पाण्डेय को धरमलाल कौशिक और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की गुडबुक में होने का फायदा मिला है। बद्रीधर दीवान की अधिक उम्र की वजह से मौका नहीं दिया गया।
आरंग की राजनीति में संजय ढीढी युवा नवीन मारकंडेय पर भारी पड़ गए। दुर्ग की मेयर चंद्रिका चंद्राकर को राष्ट्रीय महासचिव सरोज पाण्डेय की करीबी होने का फायदा मिला है। राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव डोंगरगांव से उम्मीदवार बनाया गया है। मधुसुदन मुख्यमंत्री रमन सिंह के करीबी हैं। कमजोर पड़ रही अंतागढ़ सीट को बचाने सांसद विक्रम उसेंडी को लाया गया है। मरवाही में भाजपा ने पुराने नेता डॉ. भंवर सिंह पोर्ते के परिवार पर दावं लगाया है।