
रायपुर. केंद्रीय कारागार में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेश बघेल को पहली रात भूखे पेट गुजारनी पड़ी। खाना नहीं मिलने के कारण रात को पानी पीकर वह करवटे बदलते रहे। सुबह जल्दी उठने के बाद चाय और नाश्ता दिया गया। इस दौरान उन्होंने हिन्दी और अंग्रेजी अखबार और मैगजीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
प्रहरियों ने इसकी जानकारी जेल प्रशासन को दी। उनके निर्देश पर पढऩे के लिए कुछ समाचार पत्र और मैगजीन को सेंसर करने के बाद दिया गया। सुबह करीब 11 बजे उनके परिजन सहित कांग्रेस नेता पीएल पुनिया, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत, सत्यनारायण शर्मा, अमरजीत भगत, गुरुमुखसिंग होरा, रामदयाल उइके और महापौर प्रमोद दुबे ने मुलाकात की।
उन्हें नियमानुसार जेल परिसर के भीतर बनाए गए कक्ष में मुलाकात कराई गई। परिजन अपने साथ दवाइयां और कुछ सामान लेकर गए गए थे। लेकिन, जेल प्रशासन ने उन्हें लौटा दिया। केवल दवाइयां दी गई। जेल अधीक्षक केके गुप्ता ने बताया कि निर्धारित समय के अनुसार मुलाकात के लिए 20 मिनट का समय दिया गया था। कोर्ट ने आपराधिक धाराओं के तहत जेल भेजने का आदेश दिया है। इसलिए सामान्य बंदियों की तरह ही रखा गया है।
दरी और कंबल दिया
भूपेश बघेल को बड़े गोल के 10 नंबर बैरक के वार्ड नंबर 1 की सेल में रखा गया था। जेल प्रशासन ने रात को जमीन पर बिछाने के लिए दरी ओढऩे के लिए एक चादर और कंबल दिया था। उन्हें बैरक में भेजने के बाद जेल प्रशासन द्वारा अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। बैरक के आसपास रात्रि गश्त करने वाले प्रहरियों की संख्या बढ़ाई गई थी।
प्रहरी ने पहुंचाया खाना
जेल मैन्युअल के अनुसार जेल प्रहरी ने भूपेश बघेल को बैरक में ले जाकर खाना दिया। दोपहर में रोटी, दाल, चावल और मिक्स सब्जी दी गई थी। बताया जाता है कि सुबह परिवार वाले खाद्य सामग्री लेकर पहुंचे थे। लेकिन, नियमों का हवाला देते हुए इसे लौटा दिया गया। जेल मैन्युअल के अनुसार सजायाफ्ता और विचारधीन बंदी को किसी भी तरह की खाद्य सामग्री नहीं दी जा सकती।