
रायपुर. शहर के अंतिम छोर पर खारुन नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महादेवघाट पर सुबह, दोपहर और शाम लोगों का तांता लगा रहता है। कोई नदी किनारे बने महादेव के मंदिर में माथा टेकने तो कोई लक्ष्मण झूला और उसके किनारे बने खूबसूरत उद्यान में वॉकिंग के लिए पहुंचते हैं। दशगात्र, पिंडदान और गाठी कराने के लिए भी लोग पहुंचते हैं। पढ़िए अभिषेक राय की खास रिपोर्ट
महादेवघाट पर पहुंचने पर एक दुकान पर करीब 5 - 7 लोग बैठकर बात कर रहे थे। उनके पास पहुंचने पर मौजूद लोगों ने पहले हर-हर महादेव कहकर स्वागत किया और फिर चर्चा में मशगूल हो गए। बातचीत में उन्होंने बताया कि वह अपने किसी रिश्तेदार के दशगात्र में शामिल होने के लिए फूलचौक से आए है। उन्होंने अपना नाम सागर यादव, कुंदन यादव, मयंक, राजेश बताया। वहीं गुढिय़ारी से दलेश्वर साहू महादेव घाट घूमने के लिए पहुंचे थे।
सागर यादव, कुंदन यादव, मयंक ने बताया कि 15 सालों से राजधानी में काफी विकास के कार्य हुए हैं लेकिन महादेवघाट की स्थिति जैसे पहले थी, वैसे ही करीब-करीब आज भी है। यहां पर सिर्फ लक्ष्मण झूला और उद्यान ही नया बना है। घाट के किनारे नदी और सीढिय़ों पर गंदगी पसरी हुई है, इसे कोई देखने वाला नहीं है। उन्होंने बताया कि राजिम में शिवलोचन मंदिर, महासमुंद के खल्लारी माता मंदिर समेत प्रदेशभर के करीब-करीब सभी ऐतिहासिक स्थल जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं।
दलेश्वर साहू ने बताया कि महादेवघाट से करीब 500 मीटर दूर पर ओपन जिम बना हुआ है। लेकिन, नदी किनारे पसरी गंदगी से इतनी बदबू आती है कि खड़ा रहना भी मुश्किल है। इसी दौरान मौजूद लोगों को दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में माओवादी घटना जानकारी हुई तो वह माओवाद को लेकर एक-दूसरे पर चर्चा करने लगे।
नदी की सफाई जरूरी
महादेवघाट से करीब एक किमी दूर रहने वाले मयंक मिश्रा ने बताया कि यहां सौंदर्यीकरण के नाम पर शासन-प्रशासन द्वारा हर साल करोड़ों रुपए खर्च किए जाते हैं, लेकिन बारिश के दिनों में सारी हकीकत सामने आ जाती है। घाट के दोनों किनारों तथा भीतरी हिस्से में भी पानी इतना गंदा होता है कि उसमें नहाना यानि बीमारियों को दावत देने जैसा है।
उन्होंने बताया कि करीब 15 लाख की आबादी वाले शहर को पीने का पानी खारुन देती है। महादेवघाट के समीप बने मुक्तिधाम का सौंदर्यीकरण कराया गया है, उसकी देखरेख के लिए कोई नजर नहीं आता है। खारुन की सुंदरता बढ़ाने के लिए दोनों तट पर स्टील की रेलिंग लगाई गई थी, जो टूट गई है। रेलिंग नहीं होने की वजह से कई लोग सेल्फी लेने के लिए नदी की सीढिय़ों तक उतर जाते हैं। सेल्फी के चक्कर में कई डूब भी चुके हैं।
कुछ कुम्हारों के पास ही इलेक्ट्रॉनिक चाक
महादेवघाट से करीब 500 मीटर की दूरी पर कुम्हारों की एक छोटी बस्ती है। वहां पहुंचने पर कुम्हार ईश्वर चक्रधारी और रविंद्र चकधर अपने घर में इलेक्ट्रॉनिक चाक से मिट्टी का दीया बनाने में जुटे हुए थे। विधानसभा चुनाव में वोट देने के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि साहब, कैसा चुनाव। हमें तो अभी दीपावली का त्यौहार दिख रहा है। हमारे दिमाग में सिर्फ एक बात ही है कि इस दीपावली में दीयों की अच्छी बिक्री हो जाए।
कुछ देर बाद उन्होंने कहा कि वह अपना मतदान उसी पार्टी को करेंगे, जो उनकी हितों को ध्यान में रखेगा। इलेक्ट्रॉनिक चाक मिलने के बारें में पूछने पर रविंद्र ने बताया कि यहां पर कुछ ही लोगों को इलेक्ट्रॉनिक चाक मिला है। कुछ लोग अभी भी मिलने के इंतजार में बैठे हुए हैं। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक चॉक अच्छा है, लेकिन बिजली के बिल का टेंशन रहता है। यदि बिजली बिल माफ हो जाए तो काफी अच्छा रहता।
सौंदर्यीकरण के लिए बने प्रोजेक्ट
- सवा करोड़ खर्च कर बना विसर्जन कुंड लेकिन नहीं होता उपयोग
- खारुन नदी को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने की योजना अधर में, रायपुर से चंदीनीडीह तक 22 किमी को किया जाना था विकसित, करीब 1500 करोड़ रुपए में आवासीय और कामर्शियल कांप्लेक्स व अन्य निर्माण कराने की है योजना
- लाखों खर्च के बाद भी नहीं बढ़ी खारुन की गहराई सौंदर्यीकरण के लिए नदी किनारे घना पौधारोपण हुआ बदहाल