
खैरागढ़. विधानसभा चुनाव के दौरान इस बार खैरागढ़ विधानसभा में खैरागढ़ शहर में महिलाओं के अलग से एक पिंक बूथ की व्यवस्था निर्वाचन आयोग ने बनाई है। इस मतदान केन्द्र में संबंधित क्षेत्र के महिला मतदाताओं के लिए पूरी व्यवस्था होगी। पिंक बूथ स्थानीय बख्शी स्कूल में तैयार किया गया है जहां दाउचौरा वार्ड की महिला मतदाता अपना मतदान करेंगी।
इसके लिए निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के बाद प्रशासन ने इसकी तैयारी पूरी कर दी है।उल्लेखनीय है आगामी 12 नवंबर को पहले चरण में खैरागढ विधानसभा में मतदान होना है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा में पिंक और माडल मतदान केन्द्र तैयार किए जाने है। खैरागढ़ विधानसभा में खैरागढ़ शहर में एक पिंक बूथ के साथ चार माडल बूथ तैयार किए गए है।
पिंक बूथ में पूरी व्यवस्था
शहर के मतदान केन्द्र 219 के तहत आने वाले दाउचौरा के दोनों वार्ड की महिला मतदाताओं के लिए इस बार पिंक बूथ तैयार किया गया है। इसे 219 क नाम दिया गया है। दाउचौरा में अब दो वार्ड होने के साथ दोनो वार्डो में कुल 733 महिला मतदाता है। दोनो वार्डो को मिलाकर यहां महिला मतदाताओ की संख्या ज्यादा है जिसके कारण यहां महिला मतदाताओं के लिए पिंक बूथ बनाया गया है। यहां महिला मतदाताओ के मतदान के लिए मतदान अधिकारी से लेकर मतदान कर्मी सभी महिलाएं ही होंगी। इसमें पीठासीन अधिकारी सहित सभी मतदान अधिकारी महिलाएं ही होंगी।
चार मतदान केन्द्र आदर्श बनेंगे
विधानसभा चुनाव के दौरान खैरागढ़ के एक मतदान केन्द्र सहित छुईखदान ब्लाक के तीन मतदान केन्द्रों को आदर्श मतदान केन्द्र के रूप में तैयार किया गया है। एसडीएम सीपी बघेल ने बताया कि खैरागढ़ के मतदान केन्द्र 219 सहित छुईखदान ब्लाक में आने वाले प्राशा भवन साल्हेवारा, शाउमाशा कोपेभाठा और प्राशा झूरानदी में बनाए जाने वाले मतदान केन्द्र को आदर्श बनाया गया है। यहां आकर्षक साज-सज्जा के साथ मतदाताओं और अधिकारियो के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।