रायपुर

शिक्षकों के लिए बड़ी खबर! प्राचार्य प्रमोशन के बाद अब मिलेगी नई पोस्टिंग, 17 अगस्त को होगी काउंसलिंग

Chhattisgarh Principal Promotion: छत्तीसगढ़ में प्राचार्य पद पर प्रमोशन पाने वाले शिक्षकों की पोस्टिंग के लिए DPI ने जरूरी निर्देश जारी किए हैं। 17 अगस्त 2026 को रायपुर में काउंसलिंग होगी।
2 min read
Aug 11, 2026
CG Teacher Promotion
प्राचार्य प्रमोशन के बाद अब मिलेगी नई पोस्टिंग (photo source- Patrika)

CG Teacher Promotion: प्राचार्य पद पर प्रमोशन पाने वाले शिक्षकों की पोस्टिंग को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय यानी DPI ने जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं। DPI ने प्रदेशभर के संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग को पत्र भेजकर काउंसलिंग की प्रक्रिया और जरूरी कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है। जारी आदेश के मुताबिक व्याख्याता, व्याख्याता (एलबी) और प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला से प्राचार्य, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ‘टी संवर्ग’ के पद पर पदोन्नत शिक्षकों की पोस्टिंग काउंसलिंग के आधार पर की जाएगी। इसके लिए 17 अगस्त 2026 की तारीख तय की गई है।

प्राचार्य प्रमोशन के बाद अब मिलेगी नई पोस्टिंग (photo source- Patrika)

Principal Posting: 17 अगस्त को होगी प्राचार्य पोस्टिंग की काउंसलिंग

DPI के आदेश के अनुसार पदोन्नत प्राचार्यों की पदस्थापना के लिए काउंसलिंग 17 अगस्त 2026 को होगी। यह प्रक्रिया लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़, रायपुर के प्रथम तल, सी खंड, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर, अटल नगर स्थित मीटिंग हॉल में प्रस्तावित है। सरकार की अनुमति के बाद पदोन्नत प्राचार्यों की काउंसलिंग के जरिए पदोन्नति-सह-पदस्थापना आदेश जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

14 लोक सेवकों से जुड़ी प्रक्रिया

DPI के पत्र में बताया गया है कि व्याख्याता, व्याख्याता (एलबी) और प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला से प्राचार्य, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ‘टी संवर्ग’ के पद पर पदोन्नति के संबंध में विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक की कार्यवाही के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। यह बैठक 7 मार्च 2025 को हुई थी। इसके बाद 14 लोक सेवकों के परिभ्रमण टीप समिति के अध्यक्ष और विभागीय सदस्यों के हस्ताक्षर के बाद विभाग को प्राप्त हुए हैं।

काउंसलिंग के लिए सूची जारी

पदोन्नत प्राचार्यों की काउंसलिंग सूची और रिक्त पदों की सूची विभागीय पोर्टल पर 10 अगस्त 2026 को अपलोड कर दी गई है। DPI ने इन सूचियों को संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। अब पदोन्नत प्राचार्य काउंसलिंग के दौरान उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर अपनी पोस्टिंग की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

Principal Promotion 2026: आपत्ति होने पर 13 अगस्त तक देना होगा मौका

DPI ने काउंसलिंग से जुड़ी सूची में किसी तरह की आपत्ति होने पर उसके निराकरण के लिए भी समय तय किया है। यदि किसी व्यक्ति को काउंसलिंग की सूची या रिक्त पदों की सूची को लेकर कोई आपत्ति है, तो संबंधित अधिकारी उसका परीक्षण करेंगे। आदेश के मुताबिक आपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और पूरी जानकारी को विशेष पत्रवाहक के माध्यम से 13 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे तक लोक शिक्षण संचालनालय के कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। काउंसलिंग की तारीख तय होने के बाद अब पदोन्नत प्राचार्यों की पोस्टिंग प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है। 17 अगस्त को काउंसलिंग पूरी होने के बाद पदोन्नति-सह-पदस्थापना आदेश जारी किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Updated on:
11 Aug 2026 03:49 pm
Published on:
11 Aug 2026 03:49 pm