
रायपुर. जब आप किसी एेसी जगह जाते हैं जहां मंझे हुए कलाकार मूर्तियां बना रहे होते हैं तो विविध स्वरूप को देखकर आश्चर्य होना लाजिमी है। लेकिन कल्पना करें कि जिन्होंने बचपन के अलावा कभी मिट्टी छुई नहीं हो और वे आकर्षक प्रतिमाएं गढऩे लगें तो? यकीनन हैरत होगी ही। कुछ एेसा ही नजारा था पं रविव परिसर के इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर्स एजुकेशन डिपार्टमेंट का। यहां बीएड के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए गणेशजी की मूर्तियां बनाईं जिसका एग्जिबीशन सोमवार को लगाया गया। इतना ही नहीं डिपार्टमेंट ने इन मूर्तियों को बेचकर मिलने वाली रकम को केरल बाढ़ पीडि़तों को दान करने का फैसला भी किया है।
हाल ही में केरल में आई भीषण तबाही में पूरे देश से आई एनजीओ और अलग-अलग संगठनों ने इस त्रासदी में राहत और बचाव कार्य में बढ़-चढकऱ हिस्सा लिया।केरल इस वक्त सदी की सबसे बड़ी तबाही से जूझ रहा है। जिसमें करीब 350 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और साथ ही 10 लाख से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं। इस वक्त पूरा देश केरल की मदद कर रहा है। ऐसे में छत्तीसगढ़ ने भी केरल की मदद करने अपना हाथ बढ़ाया है।
छात्रा प्रियंका नंद ने क्विलिंग पेपर से गणेशजी को अट्रेक्टिव आकार दिया है। प्रियंका ने बताया कि वह कुछ इनोवेटिव करना चाह रही थी। इसके लिए इंटरनेट का सहारा लिया। यूट्यूब में कई वीडियो खंगाले। उसमें से एक सलेक्ट कर बनाया।
डिपार्टमेंट की डॉ रिया तिवारी ने बताया कि हर महीने कुछ न कुछ एक्टिविटीज होती रहती हैं। चूंकि १३ को गणेश चतुर्थी है। एेसे में हमने तय किया था कि गणेशजी की प्रतिमाएं बनाएंगे। केरल की घटना को लेकर भी हम कुछ हेल्प करना चाहते थे। हमारे डायरेक्टर सीडी अगाशे ने कहा कि जो मूर्तियां बनाई जाएंगी उसे चैरेटी के तौर पर बेचा जा सकता है और उससे मिलने वाली रकम को केरल बाढ़ पीडि़तों के लिए भेज सकते हैं। उनका आइडिया सभी को पसंद आया।
गजानन के कई रूप देखने को मिले जिसमें वीणा वादन, शुभलाभ, शिवजी की भक्ति, अस्टगणेश, सपरिवार, रक्षक और बाहुबली थीम पर मूर्तियां बनाई गईं।