CG Weather Update: रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन और रात दोनों के तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किए गए हैं, जिससे सुबह और शाम की ठंड में भी कमी महसूस की जा रही है।
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में जनवरी की शुरुआत में ही छत्तीसगढ़ में ठंड का असर फिलहाल कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन और रात दोनों के तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किए गए हैं, जिससे सुबह और शाम की ठंड में भी कमी महसूस की जा रही है। मौसम शुष्क रहने और धूप तेज होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है, वहीं रातें भी अपेक्षाकृत गर्म बनी हुई हैं।
शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा है। इससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज हुआ। बिलासपुर, माना एयरपोर्ट और पेंड्रारोड में भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहा। दिन में तेज धूप निकलने और हवाओं की गति बेहद कम रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है।
रायपुर शहर में सुबह और शाम के समय आंशिक बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप तेज हो गई। सुबह आर्द्रता 75 प्रतिशत और शाम को 64 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे ठंड का प्रभाव कमजोर रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 4 जनवरी को सरगुजा और बिलासपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। रायपुर शहर में भी रविवार सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के असर से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने कोहरे के कारण सुबह के समय वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं आने वाले दिनों में तापमान में संभावित गिरावट को देखते हुए ठंड से बचाव के इंतजाम करने की भी जरूरत बताई गई है।