रायपुर

मौसम में बड़ा बदलाव! कई जिलों में शीतलहर व बारिश का Alert, रायपुर में ठंड ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड

Weather Update: मौसम विभाग ने 17 दिसम्बर को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में शीत लहर चलने की चेतावनी दी है। इसी कड़ी में बिलासपुर के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है।
2 min read
Dec 17, 2024
Weather Update

CG Weather Update: राजधानी समेत प्रदेश के मैदानी व पहाड़ी इलाकों में शीतलहर चल रही है। सोमवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। पारा लुढ़कने से पिछले 10 सालों का रेकॉर्ड भी टूट गया है। वो इस लिहाज से कि न्यूनतम तापमान इतना कम 16 दिसंबर को दर्ज किया गया। इसके पहले 29 दिसंबर 2014 को 9.2, 30 दिसंबर 2018 को 8.9, 28 दिसंबर 2019 को 9.6 व 21 दिसंबर 2021 को 9.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। बलरामपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहां पारा 3.3 डिग्री पर रहा। मौसम विभाग ने जरूर 19 जिलों में शीतलहर को अलर्ट जारी किया है।

उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश को ठिठुरा दिया है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में शीतलहर चल रही है या शीतलहर जैसे हालात बने हैं। मौसम विभाग के अनुसार 17 दिसंबर को भी कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। कई स्थानों पर बादल छा सकते हैं। अगले 24 घंटे में ठंड से मामूली राहत मिलने की संभावना है।

दरसअल न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद रात का पारा 3 से 5 डिग्री तक चढ़ सकता है। इससे ठंड में कमी आएगी। दक्षिण बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बने होने के कारण नम हवा से बादल छाएंगे। वहीं 3.1 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवात भी बना है। मंगलवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के करीब रहने की संभावना है।

बिलासपुर में स्कूलों के समय में बदलाव

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कड़ाके की ठंड के चलते सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। इस संबंध में कलेक्टर ने सोमवार, 16 दिसंबर आदेश जारी किया है। बिलासपुर कलेक्टर के आदेश के मुताबिक सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को निर्देश दिए गए कि स्कूल सुबह 08:30 से शाम 4 बजे तक लगेंगे। जो स्कूल दो पालियों में संचालित होते हैं। उनमें पहली पाली सुबह साढ़े 8 से साढ़े 11 तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लगेगी।

विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान

स्थान - तापमान

रायपुर - 9.8
माना - 7.7
बिलासपुर - 10.6
पेंड्रारोड - 6.6
अंबिकापुर - 4.0
जगदलपुर - 8.5
दुर्ग - 7.2
राजनांदगांव - 9.0
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

Updated on:
17 Dec 2024 08:19 am
Published on:
17 Dec 2024 08:19 am