
Monsoon Update 2024: प्रदेश में बीते तीन साल में गर्मियों के दिन में कमी दर्ज की जा रही है। बार-बार बदलते मौसम के कारण अप्रैल और मई माह में 10 से 15 दिन ही पारा 40 डिग्री से ज्यादा रहा है। ऐसा 2020 के बाद से देखने को मिला है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा का कहना है कि अप्रैल और मई में बीते कुछ वर्षों में दक्षिण पूर्व मध्यप्रदेश से कर्नाटक तक द्रोणिका हर बार बनती है।
छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे में बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बादल बरसने की आशंका है। मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में खतरनाक द्रोणिका का असर पड़ने की संभावना है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश होगी।
दूसरी ओर, समुद्र में हाई प्रेशर रहता है। इससे चक्रवात मैदानी इलाकों की ओर बढ़ता है। इससे नमीयुक्त हवा आती है। तापमान अधिक नहीं होता है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि इस बार 19 अप्रैल को रायपुर में 42.9 डिग्री और मई माह में 5 मई को 43 डिग्री पारा सबसे अधिक रहा। अहम बात यह है कि अभी एक दिन भी लू नहीं चली है।
अप्रैल-मई 2023 में भी पारा कुछ इस तरह था। उस समय भी दिन में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से लेकर 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, लेकिन अप्रैल में सिर्फ 16 दिन और मई में 13 दिन पारा 40 के पार गया था। इस बार 2024 में अधिकतम तापमान अप्रैल में 15 दिन और मई माह में अभी तक 9 दिन ही 40 डिग्री से अधिक है।
प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कभी तेज धूप तो कभी बादल और फिर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 20 मई तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है। अगले 48 घंटे तक प्रदेश में अधिकतम तापमान में फिलहाल कोई खास बदलाव होता नजर नहीं आ रहा है। तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। वहीं, 20 मई तक राज्य के कई जिलों में बादल रहने के साथ-साथ गरज-चमक और बारिश भी हो सकती है। राजधानी में भी शुक्रवार को मौसम का विभाग का बदला हुआ मिजाज देखने को मिल रहा है।