रायपुर

छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई, शिक्षक से लेकर लिपिक तक 4 कर्मचारी निलंबित

Education Department Action: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शिक्षा विभाग ने लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई की है।
4 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 11:22 AM IST
Govt Employees Suspended
शिक्षक से लेकर लिपिक तक 4 कर्मचारी निलंबित (Photo Source- Patrika File Photo)

Govt Employees Suspended: छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग में लापरवाही, अनुशासनहीनता और विभागीय निर्देशों की अनदेखी के मामलों में बड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने अलग-अलग मामलों में एक सहायक शिक्षक, एक भृत्य, एक लेखापाल और एक सहायक ग्रेड-03 सहित कुल चार कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन कर्मचारियों के खिलाफ स्कूल से अनुपस्थित रहने, ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने, विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने और सरकारी राशि के भुगतान में अनियमितता जैसे आरोप सामने आए हैं।

संबंधित अधिकारियों और संस्था प्रमुखों से मिले प्रतिवेदनों, निरीक्षण रिपोर्ट और कारण बताओ नोटिस के जवाबों की समीक्षा के बाद यह कार्रवाई की गई है। निलंबन के आदेश छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत जारी किए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान सभी संबंधित कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा चर्चा सहायक शिक्षक के खिलाफ संकुल व्हाट्सएप ग्रुप में कथित तौर पर अभद्र संदेश भेजने और स्कूल से अनुपस्थित रहने के मामले की है। वहीं दो कर्मचारियों पर वीएसके एप में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने और एक कर्मचारी पर बिजली बिल की राशि का भुगतान नहीं करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं।

Teacher Suspended: व्हाट्सएप ग्रुप में अभद्र संदेश भेजने और स्कूल से गायब रहने पर शिक्षक निलंबित

पहली कार्रवाई शासकीय प्राथमिक शाला बीरूटोला, विकासखंड छुरिया में पदस्थ सहायक शिक्षक (एलबी) भेमसेन तारम के खिलाफ की गई है। प्राचार्य, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साल्हे और विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुरिया की ओर से उनके खिलाफ प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। प्रतिवेदन के अनुसार, भेमसेन तारम पर संकुल व्हाट्सएप ग्रुप में बार-बार अभद्र, अशोभनीय और अमर्यादित संदेश भेजने का आरोप है। इसके अलावा शैक्षिक समन्वयक के निरीक्षण के दौरान उन्हें स्कूल से अनुपस्थित पाया गया था। बताया गया कि समझाइश देने के बावजूद उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।

अनुपस्थिति को लेकर जारी स्पष्टीकरण पत्र का भी उन्होंने जवाब नहीं दिया। विभागीय रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि उनके इस व्यवहार और अनुपस्थिति के कारण दैनिक मध्यान्ह भोजन संचालन तथा छात्रवृत्ति से जुड़े कार्य प्रभावित हुए। इन मामलों को गंभीर कदाचरण मानते हुए विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डोंगरगांव निर्धारित किया गया है।

वीएसके एप में उपस्थिति की गड़बड़ी, भृत्य प्रमिला राय पर कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरगी, विकासखंड एवं जिला राजनांदगांव में पदस्थ भृत्य प्रमिला राय के खिलाफ की गई है। विभागीय आदेश के अनुसार, उन्हें 26 अक्टूबर 2026 को वीएसके एप में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के जवाब में उन्होंने मोबाइल में एप अपडेट नहीं होने की बात कही थी। हालांकि विभाग ने उनके स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं माना। एक अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 के बीच 32 कार्य दिवसों के वीएसके एप रिकॉर्ड की जांच में 14 दिन अनुपस्थित और 18 दिन उपस्थित दर्ज पाए गए।

जांच में यह भी सामने आया कि जिन 18 दिनों में उनकी उपस्थिति दर्ज हुई, उनमें से 13 दिन स्कूल के निर्धारित समय के बाद उपस्थिति दर्ज की गई थी। विभाग ने इसे ऑनलाइन उपस्थिति संबंधी निर्देशों की अवहेलना माना। इसके बाद प्रमिला राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, राजनांदगांव निर्धारित किया गया है।

ऑनलाइन अटेंडेंस अपडेट नहीं करने पर लेखापाल मोरेश्वर गोसाई सस्पेंड

तीसरी कार्रवाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसातरा, विकासखंड एवं जिला राजनांदगांव में पदस्थ लेखापाल मोरेश्वर गोसाई के खिलाफ हुई है। उन पर भी वीएसके एप में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने का आरोप है। विभाग की ओर से 26 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के जवाब में उन्होंने रायपुर और दुर्ग में विभागीय कार्य से जाने का हवाला दिया था। हालांकि उपस्थिति दर्ज नहीं होने के संबंध में वह कोई ठोस अभिलेखीय प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।

विभाग ने उनके जवाब को असंतोषजनक मानते हुए इसे विभागीय निर्देशों की अवहेलना और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही माना। इसके बाद उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डोंगरगढ़ निर्धारित किया गया है।

बिजली बिल के 6530 रुपये जमा नहीं करने और अनुपस्थिति पर सहायक ग्रेड-03 निलंबित

चौथी कार्रवाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगाकठेरा, विकासखंड डोंगरगढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 अतुल कुमार सिन्हा के खिलाफ की गई है। उनके विरुद्ध विभाग ने कई गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही के आरोप दर्ज किए हैं। विभागीय आदेश के अनुसार, अतुल कुमार सिन्हा 28 सितंबर 2026 से बिना पूर्व सूचना के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित थे। इस संबंध में संस्था प्रमुख की ओर से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने उसका जवाब भी प्रस्तुत नहीं किया। इसके अलावा उन पर विद्यालय के बिजली बिल की राशि 6530 रुपये का आहरण करने के बावजूद छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) में भुगतान नहीं करने का आरोप है।

विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, वीएसके एप में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने, छात्रवृत्ति से जुड़े कार्यों में प्रगति नहीं लाने और संबंधित दस्तावेज विद्यालय को नहीं सौंपने के मामले भी सामने आए हैं। इन सभी आरोपों को गंभीर मानते हुए विभाग ने अतुल कुमार सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, छुरिया निर्धारित किया गया है।

चार कर्मचारियों पर कार्रवाई से शिक्षा विभाग में सख्ती का संदेश

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई में अलग-अलग तरह की लापरवाही और अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं। एक ओर सहायक शिक्षक पर स्कूल से अनुपस्थित रहने और संकुल व्हाट्सएप ग्रुप में कथित अमर्यादित संदेश भेजने के आरोप हैं, तो दूसरी ओर भृत्य और लेखापाल के मामलों में ऑनलाइन उपस्थिति की गड़बड़ी सामने आई है। वहीं सहायक ग्रेड-03 के खिलाफ अनाधिकृत अनुपस्थिति, बिजली बिल की राशि जमा नहीं करने और छात्रवृत्ति कार्य में लापरवाही जैसे आरोप दर्ज किए गए हैं।

विभाग ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट और कर्मचारियों के स्पष्टीकरण की समीक्षा के बाद निलंबन का निर्णय लिया है। निलंबन अवधि के दौरान सभी कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में कर्मचारियों की उपस्थिति, सरकारी कार्यों की समय पर पूर्ति और विभागीय निर्देशों के पालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है। अब संबंधित मामलों में आगे की विभागीय प्रक्रिया के तहत जांच और कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
22 Nov 2026, 11:22 AM IST
Published on: